Jabalpur News: जबलपुर संभाग में 2 मार्च से रहेगी बसों की अनिश्चितकालीन हड़ताल

Jabalpur News: जबलपुर संभाग में 2 मार्च से रहेगी बसों की अनिश्चितकालीन हड़ताल

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। प्रदेश में मुख्यमंत्री सुगम लोक परिवहन सेवा योजना के लागू होने से पहले ही प्रदेश के निजी बस संचालकों ने इसका पुरजोर विरोध शुरू कर दिया है। रविवार को सागर के कर्रापुर स्थित एक निजी होटल में प्रदेश भर के बस आॅपरेटरों का सम्मेलन आयोजित किया गया जिसमें अलग-अलग जिलों के बस संचालक शामिल हुए।

इधर, जबलपुर जिले से बैठक में शामिल हुए जबलपुर आईएसबीटी बस आपरेटर एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल किशोर तिवारी (पिंटू) ने बताया कि मध्यप्रदेश बस ऑपरेटर ऑनर्स एसोसिएशन के आव्हान पर हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि यदि सरकार हमारी मांगें नहीं मानती है तो प्रदेश यूनियन के आव्हान पर जबलपुर संभाग में 2 मार्च से बसों की अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रारंभ कर दी जाएगी।

बैठक में आईएसबीटी बस आपरेटर एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारियों में वीरेन्द्र साहू, नसीम बेग, उदयचंद जैन, कल्याण नियोगी, अजय पाठक, प्रहलाद छुगानी,संजय समाधिया,नरेश रजक, पप्पू खम्परिया,दीपेन्द्र डोंगरे,दिलीप मंगलानी,माजिद खान,जावेद खान, टिंकू रोहाणी, नौशाद, धन्नू जैन,संतोष शर्मा,बलवंत सिंह, संदीप जैसवाल व संजय शर्मा आदि सम्मिलित रहे।

बैठक में जिन दो मुद्दों पर चर्चा हुई उसमें पहली यह कि सरकार नई परिवहन नीति को तत्काल वापस ले व दूसरा यह कि बारात परमिट का बढ़ा हुआ टैक्स वापस लिया जाए। बताया जाता है कि इस संबंध में प्रदेश के सभी जिला कलेक्टर को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा जाएगा और यदि हमारी मांगे नहीं मानी जाती हैं तो फिर 2 मार्च से पूरे प्रदेश में अनिश्चित कालीन हड़ताल की जाएगी। यहां जबलपुर संभाग में 2 मार्च से बसों के पहिये पूरी तरह से जाम रहेंगे।