Jabalpur News: अवैध काॅलोनी बसाने वालों के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन, अमखेरा में कालोनाइजर का निकाला गया अर्थी जुलूस, महिलाओं ने बरसाईं चप्पलें
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। सोमवार को गोहलपुर थाना अंतर्गत अमखेरा पानी टंकी के समीप महिलाओं का अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। यहां श्री परिसर नामक कॉलोनी में रहने वाले परिवार सड़क पर उतर आए। सबसे खास बात यह थी कि आक्रोशित लोग कांधे पर अवैध कॉलोनी बसाने वाले भू माफिया की अर्थी लिए हुए थे। अमखेरा मुख्य मार्ग पर अर्थी को बीच सड़क पर रख लोगो ने जमकर प्रदर्शन किया। वहीं प्रदर्शन में शामिल महिलाओं अर्थी पर चप्पल बरसाते हुए अपने गुस्से को प्रदर्शित किया।
दरअसल, नगर निगम के वार्ड क्रमांक 74 (ए.पी.जे. अब्दुल कलाम वार्ड) में यादव पेट्रोल पंप के सामने, किरण कुंज मैरिज गार्डन वाली गली के समीप 'श्री परिसर कॉलोनी फेस-1 एवं फेस-2' के नाम से 2015 बसाई गई रहवासी काॅलोनी में मूलभूत सुविधाएं नहीं हैं। क्षेत्रीय लोगो का कहना था कि श्री परिसर नामक कॉलोनी विकसित करने वालों ने उन्हें अंधेरे में रखते हुए बिना वैद्य कॉलोनाइजर लायसेंस के कच्ची प्लाटिंग कर जमीन बेच दी।
अब स्थिति यह है कि नगर निगम ने उक्त कॉलोनी को अवैध घोषित कर दिया है। जिसके कारण कॉलोनी वासी दो सालों से मूलभूत सुविधाओं को लिए परेशान है। हालात यह हैं कि स्थाई बिजली कनेक्शन तक नहीं मिल रहा है। जब उनकी कहीं सुनवाई नहीं हुई तो आज मजबूरन कालोनी के करीब 5 सौ परिवारों के महिला -पुरुष सड़क पर उतर आए। हालांकि हंगामे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे जिला प्रशासन के अधिकारियों ने कालोनी वासियों की समस्या जल्द दूर करने का आश्वासन दिया है।
खबर से संबंधित वीडियो देखिए -
https://www.instagram.com/reel/DYwtH96x1-C/?igsh=MXQ2cThicXZlaTIzbw==