Jabalpur News: जिला प्रशासन की बड़ी कार्यवाही, निसर्ग रिसॉर्ट और सुकून रिसॉर्ट को किया सील
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। प्रशासन की संयुक्त टीम ने आज सोमवार को बरेला स्थित निसर्ग रिसॉर्ट व घाना स्थित सुकून रिसॉर्ट का निरीक्षण कर अनियमितता पाये जाने पर उसे सील कर दिया है। टीम में राजस्व, पुलिस, खाद्य सुरक्षा एवं विद्युत विभाग के अधिकारी शामिल थे।
एसडीएम जबलपुर अभिषेक सिंह से प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसीलदार बरेला शशांक दुबे के नेतृत्व में किये गये निरीक्षण में रिसॉर्ट का केवल आंशिक भाग ही डायवर्टेड पाया गया था। इसके साथ ही रिसॉर्ट संचालक के पास फायर एनओसी नहीं थी और अग्निशमन हेतु भी कोई व्यवस्था भी नहीं पाई गई।
एसडीएम जबलपुर ने बताया कि निसर्ग रिसॉर्ट के किचन में गंदगी भी पाई गई थी। संयुक्त टीम में शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा रिसॉर्ट से खाद्य सामग्री के नमूने परीक्षण हेतु लिए गए हैं।
इसी तरह प्रशासन की टीम ने सोमवार को जबलपुर तहसील के अंतर्गत घाना स्थित सुकून रिसॉर्ट का भी निरीक्षण कर किचन में गंदगी और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण पाये जाने तथा फायर प्लान एवं फायर एनओसी न होने पर इसे सील कर दिया है।
एसडीएम जबलपुर अभिषेक सिंह ने बताया कि सुकून रिसॉर्ट के संचालक द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर जीवित बहते हुए नाले के प्रवाह को संकीर्ण कर दिया गया था। निरीक्षण के दौरान रिसॉर्ट का किचन अत्यंत बदबूदार और गंदा पाया गया। इसके साथ ही सुकून रेस्टोरेंट में खाद्य सामग्री भी खुले में रखी पाई गई थी।