Jabalpur News: युवक की मौत से बिफरे परिजन, किया चक्काजाम
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। कोतवाली थानांतर्गत राजीव गांधी नगर निवासी एक युवक को क्षेत्र के बदमाशों ने इस कदर पीटा कि सोमवार की सुबह वह अपने पलंग पर मृत हालत में मिला। इस घटना के विरोध में परिजनों ने दोपहर में बलदेव बाग चौक पर जाम लगा दिया।
जिसके चलते उक्त मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। परिजनों की मांग थी कि युवक पर हमला करने वालों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि वे आरोपियों की तलाश कर रहे हैं। जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
उल्लेखनीय है कि राजीव गांधी नगर में रहने वाले 25 वर्षीय चीना उर्फ अंकित ठाकुर का बीती रात मोहल्ले में रहने वाले सौरभ ठाकुर, यश बेन, अंजू ठाकुर और अन्य लड़कों के साथ विवाद हो गया। इन लोगों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि सभी ने मिलकर अंकित ठाकुर को हाथ-घूसों, लकड़ी आदि से बेरहमी से पीटा।
विवाद की भनक लगते ही अंकित के परिजनों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया और अंकित को घर लाकर सुला दिया। आज सुबह परिजनों ने देखा कि अंकित पलंग से उठा और उसकी मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि अंकित की मौत बदमाशों की मारपीट के कारण ही हुई है।