Jabalpur News: जबलपुर के शिशिर सिंह ने शहडोल पुलिस लाइन में खुद मारी गोली
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। मूलतः जबलपुर निवासी कॉन्स्टेबल ने शहडोल पुलिस लाइन में ड्यूटी के दौरान खुद को गोली मार ली। उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 1:25 बजे की बताई जा रही है। मृतक शिशिर सिंह (पिता स्वर्गीय शरद सिंह) उम्र 29 वर्ष मूल रूप से जबलपुर के घमापुर क्षेत्र का निवासी था।
उसे वर्ष 2013 में बाल आरक्षक के रूप में अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। वर्ष 2015 में 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद वह नियमित आरक्षक के पद पर नियुक्त हुआ। वर्तमान में वह शहडोल पुलिस लाइन में पदस्थ था।
बताया जाता है कि घटना से ठीक पहले कॉन्स्टेबल मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था। इसके बाद राइफल से खुद पर फायर कर लिया। गोली चलने की आवाज सुनकर रात में ही आसपास सो रहे अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी।
सूचना पर कोतवाली पुलिस और पुलिस लाइन के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल घटना का कारण पता नहीं चला है। पुलिस का कहना है कि कॉल डिटेल और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।