Jabalpur बरगी क्रूज हादसा: सर्च ऑपरेशन में दो बच्चों के शव बरामद, सर्च ऑपरेशन का दायरा बढ़ा

Jabalpur बरगी क्रूज हादसा: सर्च ऑपरेशन में दो बच्चों के शव बरामद, सर्च ऑपरेशन का दायरा बढ़ा

आर्य समय संवाददाता जबलपुर। बरगी बांध में गुरुवार की शाम हुये क्रूज हादसे के तुरंत बाद से चले रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन में आज शनिवार की शाम दो बच्चों चार वर्षीय विराज सोनी पिता श्री कृष्णा सोनी निवासी कोतवाली एवं छह वर्षीय श्रीतमिल पिता कामराज निवासी वेस्टलैंड खमरिया जबलपुर का शव बरामद करने में सफलता मिली है।

बरगी बांध क्रूज हादसे में मरने वाले व्यक्तियों की संख्या अब ग्यारह हो गई है, जबकि दो व्यक्तियों 9 वर्षीय मयूरम और 40 वर्षीय श्री कामराज की तलाश अभी जारी है। अचानक चली तेज आंधी की वजह से क्रूज पलटने की इस घटना के तुरंत बाद शुरू हुये रेस्क्यू ऑपरेशन में 28 व्यक्तियों को सुरक्षित बचा लिया गया था। क्रूज हादसे में लापता व्यक्तियों की तलाश के लिये सर्च ऑपरेशन का दायरा बढ़ा दिया गया है।

शनिवार को सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ , पुलिस और होमगार्ड की टीमें सुबह से लापता लोगों की तलाश में लगी रहीं। बांध के गहरे पानी मे लापता लोगों की तलाश के लिये डीप डाइविंग की जा रही है। विधायक नीरज सिंह, मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के एमडी डॉ इलैयाराजा टी, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक गहलोत भी सर्च ऑपरेशन के दौरान मौजूद रहे।

बरगी बांध में गुरुवार की शाम क्रूज डूबने की घटना में जान गंवाने वालों में से तीन श्रीमती मधुर मैसी पति श्री जूलियस मैसी उम्र 62 वर्ष, श्रीमती मरीन मैसी पति श्री प्रदीप मैसी और त्रिशान मैसी पिता श्री प्रदीप मैसी उम्र 4 वर्ष के शव आज शनिवार की सुबह इंडिगो की नियमित विमान सेवा से नई दिल्ली भेजे गये। वहीं, इस दुखद हादसे में मृत श्रीमती काकुलाझी पति श्री कामराज उम्र 38 वर्ष एवं श्रीमती सौभाग्यम अलागन पति श्री परिमल अलागन उम्र 42 वर्ष के शव एयर कार्गो विमान से तमिलनाडु के कोयम्बटूर रवाना किये गये।

खबर से संबंधित वीडियो देखिए -

https://www.instagram.com/reel/DX10bNZRKmc/?igsh=YXR3OXc3ZnR1N3Iw