Jabalpur News: क्रूज हादसे के जिम्मेदारों पर दर्ज हो आपराधिक मामला, युवा कांग्रेस पहुंची एसपी कार्यालय

Jabalpur News: क्रूज हादसे के जिम्मेदारों पर दर्ज हो आपराधिक मामला, युवा कांग्रेस पहुंची एसपी कार्यालय

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। बरगी डैम में हाल ही में हुई दर्दनाक घटना, जिसमें 9 लोगों को मौत हो गई। वहीं एक आयुध निर्माणी खमरिया (ओएफके) कर्मी सहित तीन बच्चों की अभी भी तलाश जारी है। इस हादसे के बाद प्रशासन द्वारा फिलहाल क्रूज़ सेवा को बंद कर दिया गया तथा क्रूज़ चालक (पायलट) की सेवाएं समाप्त कर दी गईं। किंतु अभी तक इतने सारे मौतों के जिम्मेदारों के विरुद्ध कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।

इसी मामले में आज जबलपुर युवा कांग्रेस के नेता राहुल रजक द्वारा पुलिस अधीक्षक (एसपी) के नाम एडिशनल एसपी जितेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में उन्होंने इस घटना को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। उन्होंने ने क्रूज़ चालक के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग रखी।

वहीं इस घटना में शामिल सभी जिम्मेदार अधिकारियों एवं प्रबंधन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। राहुल रजक का कहना था कि जब मौसम विभाग द्वारा पूर्व में खराब मौसम की चेतावनी दी गई थी, तो इसके बावजूद क्रूज़ को संचालन की अनुमति क्यों दी गई, इसकी निष्पक्ष जांच कराई जाए।

पीड़ितों एवं उनके परिजनों को उचित मुआवजा एवं सहायता प्रदान की जाए। राहुल रजक ने कहा कि यह घटना स्पष्ट रूप से लापरवाही का परिणाम है और दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।