Jabalpur News:मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बरगी हादसे की उच्च स्तरीय जांच के दिये निर्देश, क्रूज पायलट सहित तीन बर्खास्त, रिसोर्ट मैनेजर निलंबित
आर्य समय संवाददाता जबलपुर। जबलपुर में बरगी जलाशय में हुए दुखद क्रूज हादसे में लापरवाही के मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की गई है। क्रूज पायलट महेश पटेल, क्रूज हेल्पर छोटेलाल गोंड एवं टिकट काउंटर प्रभारी (FOA) बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त की गई हैं। होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को कार्य में लापरवाही बरतने के कारण निलंबित किया गया है, जबकि रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा को मुख्यालय अटैच कर विभागीय जांच संस्थित की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए शासन हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है । वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बरगी बांध में हुई क्रूज़ दुर्घटना की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्रूज पर सवार पर्यटकों की जान बचाने वाले प्रत्येक श्रमिक को 51-51 हजार रूपये की राशि देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह बात बरगी बांध के घटना स्थल में चल रहे राहत और बचाव कार्य के अवलोकन के दौरान कही। इसके पहले मुख्यमंत्री ने जबलपुर पहुंचकर क्रूज हादसे में पीडि़त तीन परिवारों के निवास जाकर शोक संवेदनाएं व्यक्त की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुर्घटना स्थल पर चल रहे राहत और बचाव कार्य के निरीक्षण के दौरान कहा कि हादसे से बचाव अभियान में जल जीवन मिशन के आठ से अधिक कर्मियों, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सेना के कुशल गोताखोरों ने मिलकर कार्य किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रशासन ने इस पूरे घटनाक्रम में सक्रियता से कार्य किया। उन्होंने कहा कि सचिव होमगार्ड नागरिक सुरक्षा और संभागायुक्त जबलपुर द्वारा घटना की सूक्ष्मता से तीन बिंदुओ पर जांच की जायेगी, जिसमें दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाना, तत्कालीन परिस्थितियों का विश्लेषण करना और क्रूज संचालन से जुड़ी सभी प्रासंगिक नियम व खामियों की जांच करना शामिल है। जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए एक एसओपी तैयार की जा सके।
इन बिंदुओं पर होगी उच्च स्तरीय जांच -
• दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाना
• तत्कालीन परिस्थितियों का विश्लेषण करना
• क्रूज़ संचालन से जुड़ी सभी प्रासंगिक नियमों व खामियों की जांच करना
मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना में 28 लोगों को बचाया जा चुका है तथा 9 लोगों के शव बरामद किये गये हैं, रेस्क्यू अभियान अभी जारी है। उन्होंने कहा कि पीडि़तों के परिजनों को 4-4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता दी जायेगी। संकट की इस घड़ी में सरकार पीडि़तों के साथ है। डॉ. यादव ने बताया कि घटना में प्रभावित परिवारों से मिलकर उन्होंने सांत्वना दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राहत कार्य में संलग्न सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, जल निगम और विद्युत विभाग के लोगों से बचाव व राहत के संबंध में संवाद किया।