Jabalpur News: पाटन में खूनी संघर्ष, महिला की मौत 4 घायल

Jabalpur News: Bloody clash in Patan, woman killed, 4 injured

Jabalpur News: पाटन में खूनी संघर्ष, महिला की मौत 4 घायल

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। गुरुवार देर रात पाटन के मड पिपरिया गांव में दो परिवारों के बीच सात माह पुराने एक विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। इस खूनी संघर्ष में एक महिला की सिर पर पहुंची गंभीर चोट के कारण मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के 4 से ज्यादा सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलने पर पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।

जानकारी के मुताबिक पाटन के मड पिपरिया गांव में रहने वाले भागवत सिंह और गिरन सिंह के परिवारों के बीच बीते 7 महीने से विवाद चल रहा था। गिरन सिंह के बेटे भारत और भागवत सिंह के बेटे दशरथ सिंह के बीच सात माह पहले भी झगड़ा हो चुका था। इसी रंजिश के चलते गुरुवार की रात दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। प्रत्यक्षदर्शी दुर्गेश लोधी ने बताया कि गांव में लगुन समारोह चल रहा था। इसमें भारत, जीवन सिंह, कालू सिंह समेत परिवार के अन्य लोग शामिल हुए थे।

उसी दौरान दशरथ सिंह वहां आया और गाली-गलौज करने लगा। कुछ देर बाद दुर्गेश उसे समझाने के लिए उसके घर गया, तभी भागवत सिंह, दशरथ, अन्नू, रवि, दीपक, ब्रजेश और दिनेश ने उस पर लाठी और हथियारों से हमला कर दिया। भगवत सिंह के परिवार वाले जब दुर्गेश पर हमला कर रहे थे, इस दौरान उसे बचाने के लिए गिरन सिंह, भारत, जीवन सिंह, कालू सिंह और प्रीति बाई मौके पर पहुंच गई।

आरोपियों ने उन पर भी ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस बीच प्रीति सिंह की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अन्य लोग बुरी तरह से जख्मी हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस टीम एसडीओपी लोकेश डाबर के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। घायल लोगों को तत्काल पाटन स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद सभी को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहीं, मृतक महिला प्रीति बाई के शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है। शुक्रवार को शव का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।

देखिए वीडियो -

https://www.instagram.com/reel/DKRJWTABVUy/?igsh=MXU2Z2FlMnhyd210Zw==