Jabalpur News: सदर में भाजपा पदाधिकारी के घर पर देर रात चले बम, क्षेत्र में दहशत
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। कैंट थाना अंतर्गत सदर बाजार की गली नंबर 9 में रहने वाले भारतीय जनता पार्टी के मंडल मंत्री के घर पर मंगलवार - बुधवार की दरमियानी रात बम फेंके जाने का मामला सामने आया है। गनीमत यह रही कि बम फेंके जाने के बाद वहां भड़की आग पर स्थानीय लोगों ने समय रहते काबू पा लिया। उक्त घटनाक्रम के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
भाजपा मंडल मंत्री बंटी शिवहरे (स्वप्न) ने बताया कि मंगलवार - बुधवार की दरमियानी रात वह अपने सदर बाजार मकान नं 380 गली नंबर 9 स्थित मकान की तीसरी मंजिल पर परिवार के साथ सो रहा था। रात दो बजे के करीब अचानक घर की बिजली चली गई। जब उन्होने ने लाइट जाने का कारण जानने के लिए घर के बाहर झांक कर देखा तो, नीचे सड़क पर भीड़ लगी हुई थी।
बंटी शिवहरे ने बताया कि वे तत्काल नीचे गये तो पड़ोसियों ने बताया कि अज्ञात तत्वों द्वारा उनके घर पर बम जैसा कुछ फेंका गया था। जिससे तेज धमाके के बाद आग लग गई थी। आग समीप ही खड़े दुपहिया वाहनों तक भी पहुंच गई थी, मगर समय रहते पड़ोसियों ने आग बुझा दी।
बंटी शिवहरे ने बताया कि इस मामले में उनके द्वारा लिखित शिकायत कैंट पुलिस थाना प्रभारी को दी गई है। बंटी शिवहरे ने बताया कि उनका किसी से कोई विवाद नहीं है, फिर क्यों उनके घर में बम फेंके गए इसका खुलासा तो पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगा।