Jabalpur News: बीकानेर स्वीट्स के तिलहरी स्थित कारखाने में रखी क्विंटल भर मिठाईयों में मिले चूहे के अपशिष्ट-चिटियां
आर्य समय संवाददाता जबलपुर। आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्यप्रदेश द्वारा गठित खाद्य सुरक्षा संभागीय उड़नदस्ता(फ्लाइंग स्क्वॉड) के द्वारा बुधवार को जबलपुर नगर स्थित दो खाद्य प्रतिष्ठानों में छापा मारा गया। फ्लाइंग स्क्वॉड सबसे पहले तिलहरी स्थित बीकानेर स्वीट्स के कारखाने पहुंची।
कारखाने के निरीक्षण के दौरान यहां संग्रहित कर रखी गई लगभग एक क्विंटल मिठाइयों में चींटी तथा चूहे के अपशिष्ट पाया गया। वहीं मावा तथा छैना रसगुल्ले का नमूना लेते हुए दूषित मिठाइयों को विनष्ट कराया गया।
इसके बाद फ्लाइंग स्क्वॉड सिटी मेथोडिस्ट चर्च के पास भर्तीपुर स्थित दुर्गा सेव भण्डार के कारखाने में पहुंची। यहां भी हालात ठीक नहीं थे। टीम ने पाया कि यहां अस्वच्छता तथा कीट (कॉकरोच) के बीच मिठाइयों, नमकीन तथा बेकरी का निर्माण हो रहा है।
बिना खाद्य अनुज्ञप्ति प्राप्त किए खाद्य पदार्थों का निर्माण किया जा रहा है। प्रतिष्ठान में निर्मित नमकीन तथा मगज लड्डू के नमूने लिए गए तथा आवश्यक सुधार कर अनुज्ञप्ति प्राप्त करने तक खाद्य कारोबार पर रोक लगाई गई है।
संभागीय उड़नदस्त में छिंदवाड़ा में पदस्थ खाद्य सुरक्षा अधिकारी गोपेश मिश्रा, बालाघाट से वाजिद मोहिब, कटनी से बृजेश विश्वकर्मा शामिल थे ।