Jabalpur News: मुक्तिधाम से खदेड़े गए अतिक्रमणकारी, अंतिम संस्कार कराने वाले ने ही बसा लिया था पूरा कुनबा
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। रांझी - शोभापुरा के मुक्तिधाम (शमशान घाट) में उस वक्त हड़कंप मच गया जब जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम दलबल के साथ कार्रवाई करने पहुँची। दरअसल, जनसुनवाई में अधिकारियों को शिकायत मिली थी कि मुक्तिधाम परिसर में करीब 15-20 लोगों का एक पूरा परिवार अवैध रूप से डेरा डाले हुए है।
पवित्र और संवेदनशील स्थल पर इस तरह के स्थायी अतिक्रमण की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रशासनिक अधिकारी मामले की जाँच करने मौके पर पहुँचे। जाँच के दौरान जो सच सामने आया, उसने सभी को हैरान कर दिया। मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार का जिम्मा सँभालने वाले शख्स ने ही नियमों को ताक पर रखकर अपने पूरे कुनबे को वहाँ लाकर बसा दिया था।
रांझी जोन प्रभारी नरेश शर्मा ने बताया कि जनसुनवाई की शिकायत सही पाए जाने के बाद त्वरित कार्रवाई की गई। टीम ने सख्ती दिखाते हुए परिसर में अवैध रूप से रह रहे लोगों को वहाँ से खदेड़ दिया और अतिक्रमण मुक्त कराने की बेदखली की कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।