Jabalpur News: कार चालक ने मचाया कोहराम, पुलिसकर्मी सहित कई लोग घायल

Jabalpur News: कार चालक ने मचाया कोहराम, पुलिसकर्मी सहित कई लोग घायल

आर्य समय संवाददाता जबलपुर। बीती रात करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार कार ने शहर के कई इलाकों में जबरदस्त आतंक मचाया। पुलिस के अनुसार, एक मैरून रंग की एमजी हेक्टर कार ने भंवरताल गार्डन से अपनी रफ्तार का कहर शुरू किया, जो रसल चौक और इनकम टैक्स ऑफिस होते हुए सिंधिया पार्क की दीवार से भिड़ंत के साथ रुकी।

इस दौरान बेकाबू कार ने सबसे पहले ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी को टक्कर मारी, जिसके बाद दो-तीन अन्य कारों और इतनी ही मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक 14 वर्षीय किशोर और पुलिसकर्मी आदित्य कौरव सहित कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

​दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार चालक को पकड़ा, जिसकी पहचान अनुराग सोनी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, चालक नशे की हालत में था और उसे भी चोटें आई हैं, जिसके कारण उसे उपचार के लिए भेजा गया है।

खबर से संबंधित वीडियो देखिए -

https://www.instagram.com/reel/DVDGRvREVk3/?igsh=eDlpM3VxNm56aGJ1

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार एक मोटरसाइकिल को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और वाहनों को हुए नुकसान का आकलन करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।