Jabalpur News : फर्जी पासपोर्ट मामले में गिरफ्तार 5 अफगानी नागरिक 25 तक रिमाण्ड पर
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। एटीएस ने देश की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कोलकाता से 5 अफगान नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इन सभी आरोपियों पर जबलपुर के पते का उपयोग कर फर्जी भारतीय पासपोर्ट बनवाने का गंभीर आरोप है। रविवार को आरोपियों को स्पेशन कोर्ट में पेश किया, जहां से पुलिस ने उन्हें 25 फरवरी तक की रिमांड पर लिया है।
जांच एजेंसियों को अंदेशा है कि इस रैकेट के तार और भी गहरे हो सकते हैं। आरोपियों की पहचान जिया उल रहमान, सुल्तान मोहम्मद, रजा खान, सैयद मोहम्मद और जफर खान के रूप में हुई है। प्राथमिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि यह सभी आरोपी कई साल पहले अवैध रूप से भारत आए थे और कोलकाता को अपना ठिकाना बनाया था।
वहां यह सभी सूदखोरी के धंधे में लिप्त थे। भारतीय नागरिकता का जाली ठप्पा लगवाने के लिए इन सभी ने जबलपुर में लंबे समय से रह रहे अफगानी नागरिक सोहबत खान से संपर्क साधा। सोहबत खान ही वह मुख्य कड़ी है, जिसने इन विदेशी नागरिकों को भारतीय पासपोर्ट दिलाने का जिम्मा उठाया था। बताया जा रहा है कि इस काम के लिए प्रत्येक व्यक्ति से 2.5 लाख रूपए वसूले गए थे।