Jabalpur News: अध्यक्ष के फैसले पर बिफरे कर्मचारी संघ पदाधिकारी,नहीं खुले RDVV में ताले, वीरेंद्र पटेल को हटाने की उठी मांग

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (RDVV) शैक्षणेत्तर कर्मचारी संघ अध्यक्ष वीरेंद्र पटेल द्वारा 16 दिनों से चली आ रही हड़ताल को अचानक स्थगित करने के निर्णय से हंगामा खड़ा हो गया है। अध्यक्ष के एकतरफा निर्णय से बिफरे संघ के अन्य पदाधिकारियों ने आज मुख्य प्रशासनिक भवन के समक्ष आमसभा करते हुए तमाम परिस्थितियों से कर्मचारियों को अवगत कराया। वहीं वीरेंद्र पटेल को पद से हटाने की मांग उठी।
दरअसल, बुधवार को वीसी कार्यालय में घटित हुए एक घटनाक्रम का हवाला देते कर्मचारी संघ अध्यक्ष ने एक पत्र प्रशासन को सौंपते हुए 20 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रही हड़ताल को स्थगित कर दिया था। लेकिन अध्यक्ष के इस फैसले से महासचिव सहित कार्यकारिणी के करीब 15 मेंबर सहमत नहीं थे। जिसको देखते हुए आज आमसभा बुलाई गई। विश्वविद्यालय के ज्यादात्तर कर्मचारियों का मत था कि बिना किसी ठोस निर्णय के हड़ताल को खत्म नहीं किया जाए।
इधर, हड़ताली कर्मचारियों के पक्ष में विश्वविद्यालय के छात्रावासी छात्रों ने जमकर नारेबाजी करते हुए कुलगुरु की कार्यशैली के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। छात्रों का कहना है कि बीते दो वर्षों से बार-बार मूलभूत सुविधाओं की मांग की जा रही है, लेकिन कुलगुरु लगातार अनदेखी कर रहे हैं। छात्रों ने आज विश्वविद्यालय के मुख्य प्रशासनिक भवन के सामने धरना-प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की और कुलगुरु के नाम ज्ञापन उपकुलसचिव को सौंपा।
कुलगुरु प्रो.राजेश वर्मा ने बताया कि कर्मचारी संघ के मांग पत्र के बिंदु क्रमांक 1-2 के संदर्भ में भोपाल शासन के अधिकारियों से लगातार प्रशासन की चर्चा हो रही है। शासन स्तर पर भी सहानुभूति पूर्वक चर्चा हो रही है। शेष सभी मांगों के लिए लगातार कार्य हो रहा है। सभी कर्मचारी के हितों के लिए प्रशासन सजग है। जल्दी ही सभी कार्य आगे बढ़ेंगे। उन्होंने सभी कर्मचारी साथियों से अनुरोध किया है कि वे विश्वविद्यालय एवं विद्यार्थी हित में कार्यालयीन कार्य प्रारंभ करें। प्रशासन कर्मचारियों के हित में नियमानुसार तत्परता से कार्य हेतु प्रतिबद्ध है।