Jabalpur News: महिला हत्याकांड में संदेही की हाथ बंधी लाश पेड़ से लटकी मिली, जांच में जुटी माढोताल पुलिस
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। रानीताल भाजपा कार्यालय के समीप झाड़ियों में रक्तरंजित मिली युवती के हत्याकांड के मामले में संदिग्ध युवक की लाश माढोताल तालाब के किनारे लगे पेड़ पर फंदे से लटकती हुई मिली है। युवक के दोनों हाथ बंधे हुए है, इससे यह प्रतीत हो है कि किसी ने युवक की हत्या करने के बाद लाश को फंदे से लटका दिया है।
तालाब की मेढ में लगे पेड़ में सुबह-सुबह लाश लटकती देख लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते क्षेत्रिय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर पहुंची माढोताल पुलिस ने लाश को फंदे से निकालते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की विस्तृत जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या है या फिर हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया गया है। फिलहाल आसपास के लोगों से पूछताछ चल रही है और घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य जुटाकर मामले की पडताल की जा रही है।
बताया जा रहा है कि अंकित बर्मन निवासी मंजू पथ दीक्षितपुरा लार्डगंज थाना क्षेत्र में करीब 5 दिन पहले हुई रांझी निवासी युवती की हत्या के मामले में संदेही था और घटना के बाद से फरार चल रहा था। इसी बीच उसकी लाश इस तरह पेड़ में लटकती मिलने से पूरे मामले ने अब नया मोड ले लिया है।
थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार ने मृतक अंकित के परिजनों से बातचीत करते हुए घटना के संबंध में जानकारी जुटाई है। पुलिस अंकित के मोबाइल और घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। प्राथमिक पूछताछ में पुलिस को यह जानकारी मिली कि अंकित बीते कुछ समय से घर नहीं गया था। अंकित के साथ रहने वाले एक युवक को पुलिस ने थाना बुलाया है।