Jabalpur Breaking News: सिहोरा के आजाद चौक में तनाव, दो पक्षों के बीच पत्थरबाजी
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। सिहोरा तहसील के आजाद चौक क्षेत्र में गुरुवार की रात एक मंदिर परिसर में तोड़फोड़ की खबर से तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। आरोप प्रत्यारोप के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दो पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। विवाद की सूचना मिलते ही जिला मुख्यालय से पुलिस अधिकारियों के साथ बल को रवाना किया गया है।
जानकारी के मुताबिक सिहोरा नगर के वार्ड क्रमांक 5 स्थित आजाद चौक में गुरुवार की रात्रि करीब साढ़े नौ बजे उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब दुर्गा मंदिर में आरती के दौरान एक युवक के साथ मारपीट कर मंदिर में लगी ग्रिल को नुकसान पहुंचाया गया। इस घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते जमकर पथराव शुरू हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सिहोरा थाना पुलिस सहित आसपास के थानों का अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। घटना के बाद से आजाद चौक क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।
गौरतलब है कि आजाद चौक क्षेत्र को पहले से ही अतिसंवेदनशील माना जाता रहा है। यहां दुर्गा मंदिर और मस्जिद आमने-सामने स्थित हैं, जिसके कारण पूर्व में भी विवाद की स्थिति बनती रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के समय मंदिर में आरती और मस्जिद में नमाज लगभग एक ही समय पर हो रही थी।
इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो युवक के साथ मारपीट और मंदिर की ग्रिल तोड़ने के बाद पथराव में बदल गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। प्रशासन द्वारा लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की गई है।
सिहोरा में स्थिति नियंत्रण में- विवाद की सूचना मिलते ही कलेक्टर राघवेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय भी मौके पर पहुंच गये थे। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बताया कि किसी भी धार्मिक स्थल को किसी तरह का कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। दोनों पक्षों से किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना है। स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण में है एवं पर्याप्त पुलिस बल को तैनात किया गया है।
खबर से संबंधित वीडियो देखिए -
https://www.instagram.com/reel/DU8wXccEtfP/?igsh=MXhxeTI5ZW83eG1pcg==