Jabalpur News: रांझी में शराब दुकान का विरोध करने वालों पर प्रशासन ने कसा शिकंजा, तत्काल प्रदर्शन बंद करने के निर्देश
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। बीते एक पखवाड़े से रांझी में जबलपुर विकास प्राधिकरण (JDA) द्वारा निर्मित मार्केट में खुली नवीन शराब दुकान का कांग्रेस नेता विरोध कर रहे हैं। इस विरोध प्रदर्शन से शराब दुकान तो नहीं हटी, उल्टा जिला प्रशासन ने कांग्रेस नेता को नोटिस जारी करते हुए तत्काल प्रदर्शन बंद करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक रांझी बड़ा पत्थर अम्बेडकर पार्क के समीप कांग्रेस नेताओं द्वारा शराब दुकान के विरोध में धरना- प्रदर्शन किया जा रहा था। अब एसडीएम रांझी ने कांग्रेस नेता राजेन्द्र मिश्रा (अधिवक्ता) एवं अन्य को एक नोटिस जारी किया है। जिसमें बताया गया है कि प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं ली गई है।
जिसके चलते प्रदर्शन नियमानुसार न होकर नियम विरूद्ध शांति भंग किये जाने दशा को परिदर्शित करता है। एसडीएम कार्यालय ने निर्देशित किया है कि धरना प्रदर्शन कार्य तत्काल बन्द करें। अन्यथा नहीं किये जाने की दशा में आपके विरूद्ध नियमानुसार दण्डात्मक कार्यवाही की जावेगी।