Jabalpur News: भीषण गर्मी का प्रकोप, सीजन के सबसे गर्म दिन पारा @44.6 डिग्री सेल्सियस, आगामी तीन चार दिनों तक पड़ेगी तेज गर्मी

Jabalpur News: भीषण गर्मी का प्रकोप, सीजन के सबसे गर्म दिन पारा @44.6 डिग्री सेल्सियस, आगामी तीन चार दिनों तक पड़ेगी तेज गर्मी

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। मौसम ने जोरदार करवट बदल ली है। मई की शुरूआत में जहां आंधी, बारिश देखने को मिल रही थी, वहीं अब तेज धूप और लू ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जबलपुर सहित संभाग के जिले इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है और कई जगह तापमान 42- 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। जबलपुर में तो सूरज से आग बरस रही है। सोमवार को यहां भीषण गर्मी पड़ी।

मंगलवार को अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। मंगलवार की सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवा के थपेड़ों ने हलाकान कर दिया। रात में भी न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस था, जिससे लोग परेशान हुए। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी। पंखे और कूलर भी लोगों को राहत नहीं दे पा रहे थे। फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है।

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना जताई है। बुधवार को भी जबलपुर में मौसम ऐसा ही शुष्क रहेगा। तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। दस वर्षों में 2018 में सबसे ज्यादा पड़ी थी गर्मी - मौसम विभाग के रिकॉर्ड के मुताबिक जबलपुर में 25 मई 1954 को भीषण गर्मी पड़ी थी। उस दिन नौतपा के पहले दिन अधिकतम तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं पिछले 10 वर्षों में सर्वाधिक तापमान 29 मई 2018 को 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

बढ़ेगा गर्मी का प्रकोप - मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन चार दिन तक गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं। फिलहाल बारिश का कोई सिस्टम सक्रिय नहीं है, ऐसे में गर्मी का प्रकोप और बढ़ सकता है। मौजूदा अपडेट के अनुसार, जबलपुर संभाग सहित प्रदेश का लगभग आधा हिस्सा लू की चपेट में है। मौसम विभाग ने आगामी 4 दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है।मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच खास सतर्क रहने की सलाह दी है। इस दौरान लू का असर सबसे ज्यादा रहेगा। जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की गई है। ज्यादा से ज्यादा पानी समेत अन्य प्राकृतिक तरल पदार्थ पीने की सलाह दी है।

जोरदार तपेगा नौतपा - मौसम विभाग का अनुमान है कि 25 मई से शुरू होने वाला नौतपा इस बार काफी तपने वाला साबित हो सकता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मई महीने में जबलपुर में सामान्यत: पश्चिमी हवा चलती है, जिनकी वजह से गर्मी अधिक महसूस होती है। दोपहर बाद हवा की रफ्तार बढ़ने से दिन और अधिक असुविधाजनक हो जाते हैं।