Jabalpur News: जबलपुर स्टार सिटी निवासी महिला सहित 5 की सड़क हादसे में मौत, खाटूश्याम जा रहे थे दर्शन के लिए

Jabalpur News: जबलपुर स्टार सिटी निवासी महिला सहित 5 की सड़क हादसे में मौत, खाटूश्याम जा रहे थे दर्शन के लिए

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। स्टार सिटी (नक्षत्र नगर) निवासी रेशमा श्रीवास्तव नामक महिला के साथ खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए जा रहे जबलपुर ग्रीन सिटी निवासी 4 युवकों की राजस्थान के जयपुर जिले के चाकसू क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे (एनएच-52) पर शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे होना बताया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही जबलपुर से परिजन राजस्थान के लिए रवाना हो गए हैं।

बताया जाता है कि तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और शव गाड़ी में बुरी तरह फंस गए। हादसे में मरने वालों की पहचान अखिलेश श्रीवास्तव की पत्नी रेशमा श्रीवास्तव, राजेश राय के बेटे पीयूष राय, बबलू रजक के बेटे रजक राहुल और ड्राइवर अनुराग के तौर पर हुई है। पांचवें मृतक की पहचान सदर झिरिया निवासी शानू के रूप में हुई है।

पीयूष राय के मामा ने बताया चारों युवक रेशमा श्रीवास्तव के साथ 12 फरवरी को उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर महादेव के दर्शन के लिए निकले थे। 13 फरवरी को दर्शन के बाद वे खाटूश्यामजी (सीकर) के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान जयपुर के चाकसू इलाके में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

मंत्री राकेश सिंह ने शोक संवेदना व्यक्त की- पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि आज प्रात: राजस्थान के कोटा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी 5 लोगों के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक एवं हृदयविदारक है। इस दुःखद दुर्घटना में दिवंगत सभी आत्माओं को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।