Jabalpur News: संदिग्ध परिस्थितियों में मिली युवक की लाश, भाई ने लगाया हत्या का आरोप

Jabalpur News: संदिग्ध परिस्थितियों में मिली युवक की लाश, भाई ने लगाया हत्या का आरोप

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। शहर के संजीवनी नगर थाना अंतर्गत धनवंतरी नगर की कृष्ण विहार कॉलोनी में में एक 27 वर्षीय युवक अखिलेश लोधी की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक के बड़े भाई आकाश लोधी ने पुलिस द्वारा इसे आत्महत्या बताए जाने पर गहरा संदेह व्यक्त किया है।

आकाश का कहना है कि जब वे घटनास्थल पर पहुंचे, तो उनके भाई का शव सोफे पर मृत अवस्था में था और कथित तौर पर फंदे के लिए इस्तेमाल किया गया गमछा नीचे फर्श पर पड़ा हुआ था। इसके अलावा, कमरे का दरवाजा भी अंदर से बंद नहीं था, बल्कि धक्का देने पर आसानी से खुल गया था। इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से साफ इंकार कर दिया है। ​

परिजनों का आरोप है कि अखिलेश के साथ रहने वाले रूममेट सिद्धार्थ पटेल ने घटना के बाद मृतक के ही फिंगरप्रिंट का इस्तेमाल कर उसके मोबाइल का लॉक खोला और कुछ लोगों को फोन कर इसकी सूचना दी।

मृतक के भाई ने इस पूरी घटनाक्रम को अत्यधिक संदिग्ध बताते हुए पुलिस प्रशासन से किसी के एकतरफा बयान पर कार्रवाई न करने की अपील की है। उन्होंने घटनास्थल के साक्ष्यों के आधार पर मामले की एक निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है ताकि उनके भाई की मौत का असली सच सामने आ सके।