Jabalpur News: गैरीसन ग्राउंड सदर में उतरी देवलोक की आभा, 121 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में

Jabalpur News: गैरीसन ग्राउंड सदर में उतरी देवलोक की आभा, 121 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। संस्कारधानी के गैरीसन ग्राउंड में आज एक ऐतिहासिक और भावुक दृश्य देखने को मिला, जब नगर निगम द्वारा आयोजित ’मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह समारोह’ में 121 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इस भव्य आयोजन ने न केवल सामाजिक समरसता की मिसाल पेश की, बल्कि अपनी भव्यता से ’देवलोक’ की अनुभूति करा दी।

इस अवसर पर समारोह के मुख्य अतिथि भारत सरकार के केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने वर-वधुओं को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं प्रदान करते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह समारोह अद्भुत है। उन्होंने कहा कि ऐसा सामूहिक विवाह, ऐसी तैयारी और इतना उत्साह आज तक मैने नहीं देखा है। श्री नड्डा ने इसके लिए नगर निगम प्रशासन और महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू को धन्यवाद एवं बधाई दी।

सामूहिक विवाह समारोह की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम को अविस्मरणीय और ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन गरीब परिवारों के लिए संबल और समाज के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने मंच पर उपस्थित सभी वर-वधुओं को सुखमय दाम्पत्य जीवन की शुभकामनाएं एवं बधाई दी और कहा कि बसंत पंचमी मॉं सरस्वती, मॉं लक्ष्मी और मॉं भगवती के दिन परिणय सूत्र में बधना अपने आप में एक पवित्रता का भाव और शुभकारी, मंगलकारी माना जाता है। उन्होंने मंच से ही सभी को हर्षोल्लास से कहा कि कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह की ओर से 1-1 फ्रिज दिये हैं। 

इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू सहित उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों ने वर-वधुओं को आशीर्वाद प्रदान कर शुभकामनाएं दी और नगर निगम की अद्भुत व्यवस्थाओं की सराहना की। महापौर ने सभी सम्माननीय अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए 121 बहनों को मान-सम्मान से विदा करने की वेला को भावुक होते हुए सभी को शुभकामनाएॅं एवं आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने भी निगम प्रशासन और महापौर श्री अन्नू के द्वारा की व्यवस्थाओं को सराहा और सभी को इसके लिए धन्यवाद दिया। 

एक मंच पर गूंजी शहनाई और निकाह के बोल- गैरीसन ग्राउंड में एक ओर जहाँ “राजा राम जय सीताराम“ के जयघोष और शहनाई की गूंज थी, वहीं दूसरी ओर निकाह की रस्में भी पूरी की गईं। 121 जोड़ों ने एक साथ नए जीवन की शुरुआत की। चारों ओर पुष्प वर्षा और भव्य आतिशबाजी ने उत्सव को दोगुना कर दिया। “दूल्हे का सेहरा सुहाना लगता है...“ जैसे गीतों ने बारातियों और परिजनों को झूमने पर मजबूर कर दिया। 

उपहारों की हुई बौछार : खुशियों के साथ विदा हुई बेटियाँ- शासन और स्थानीय प्रशासन ने मिलकर बेटियों को नई गृहस्थी के लिए भरपूर सहयोग दिया, शासन की ओर से प्रत्येक जोड़े को 49,000 रुपये की राशि प्रदान की गई। कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने सभी जोड़ों को अपनी ओर से फ्रिज उपहार में दिए। महापौर श्री अन्नू ने बेटियों को गोल्ड प्लेटेड चांदी का मंगलसूत्र, सूटकेश, शेरवानी, पगड़ी, लहंगा-चुनरी, 51 बर्तनों का सेट और दीवार घड़ी भेंट की। 

सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण- परिजनों ने भावुक होते हुए कहा कि नगर निगम का यह आयोजन केवल एक विवाह समारोह नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता का जीता-जागता उदाहरण है। एक ही पंडाल के नीचे अलग-अलग धर्मों और वर्गों के परिवारों का एक साथ उत्सव मनाना शहर के लिए गर्व की बात रही। इस भव्य आयोजन ने यह सिद्ध कर दिया कि जब सरकार और प्रशासन संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हैं, तो वह केवल एक सरकारी कार्यक्रम न रहकर एक ’जन-उत्सव’ बन जाता है। 

इस अवसर पर सांसद सुमित्रा बाल्मीक, आशीष दुबे, विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी, अजय विश्नोई, सुशील तिवारी इन्दू, डॉं. अभिलाष पाण्डेय, नीरज सिंह, संतोष बड़कड़े, अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती आशा गोटिया, निगमाध्यक्ष रिकुंज विज, एमआईसी सदस्य डॉं. सुभाष तिवारी, दामोदर सोनी, विवेक राम सोनकर, अंशुल राघवेन्द्र यादव, रजनी कैलाश साहू, समस्त पार्षद एवं अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय, निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार, अपर आयुक्त व्हीएन बाजपेयी, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, उपायुक्त श्रीमती अंकिता जैन एवं समस्त जिला, पुलिस एवं नगर निगम प्रशासन के अन्य अधिकारी कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।