Jabalpur News: तड़के 4 बजे गुजराती कॉलोनी में लगी भीषण आग,आधा घंटा में जले कई झोपड़ियां
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। गुजराजी कॉलोनी अधारताल में सुबह-सुबह टपरे के अंदर से भड़की आग ने चंद मिनिट में विकराल रूप धारण कर लिया। टपरे में लगी आग देखते ही देखते आसपास के घरों तक पहुंच गई। कॉलोनी में अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हडकंप मच गया।
कॉलोनी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपने घरों से बाहर निकलकर जान बचाने में जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड और अधारताल पुलिस मौके पर पहुंची और कडी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के मुताबिक गुजराती कॉलोनी में रहने वाले अधिकांश परिवार पुराने कपडों के व्यापार से जुडे हैं। पीड़ित परिवारों के घरों में बड़ी मात्रा में कपडे़ रखे हुए थे, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गए। इसके अलावा कुछ घरों का घरेलू सामान भी आग में पूरी तरह से जल गया।
अग्निकांड के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। आग की चपेट में करीब 10 घर आए हैं। नगर निगम की टीम पूरी जानकारी जुटाने में लगी हुई है। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
खबर से संबंधित वीडियो देखिए -
https://www.instagram.com/reel/DVsY7zoEaew/?igsh=MW03OGZ6ZTR6bmxsOQ==
बाइक भी जलकर खाक- मौके पर पहुंची अधारताल पुलिस ने बताया कि आग की चपेट में 3 से 4 मोटरसाइकिल भी जलकर खाक हो गर्इं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।