Jabalpur News: जबलपुर वन मंडल के तमोरिया,हरदुआ और कटंगी में बढ़ी गिद्धों की संख्या
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। लुप्तप्राय प्रजातियों की सही संख्या और उनके भौगोलिक विस्तार (प्रवासी और स्थानीय) का पता लगाने के उद्देश्य से गिद्धों की गणना वन विभाग द्वारा कराई जा रही थी। गणना-2026 में सकारात्मक आंकडेÞ सामने आए हैं, जिसको लेकर महकमा काफी उत्साहित है। दरअसल, गिद्धों की घटती संख्या के पीछे के कारणों (जैसे भोजन की कमी, जहर, निवास स्थान की हानि) की पहचान करना और उनके अनुकूल माहौल तैयार करना।
इस बात को ध्यान में रखते हुए प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख, वन विभाग तथा प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्यजीव के निर्देश पर प्रदेश व्यापी गिद्ध गणना वर्ष 2026 के अंतर्गत 20 फरवरी से 22 फरवरी तक लगातार तीन दिवस अभियान चलाया गया। वन मंडल सामान्य जबलपुर के समस्त परिक्षेत्र में प्रात: 6.30 बजे से 7 बजे तक गिद्धों की गणना प्रारंभ की गई।
जिसमें परिक्षेत्र अधिकारी पाटन विशाखा तिनखेड़े एवम परिक्षेत्र अधिकारी शहपुरा सरिता ठाकुर के नेतृत्व में क्षेत्रीय कर्मचारियों द्वारा पूर्व से चिन्हांकित स्थलों पर जाकर गिद्धों की गणना की गई। जिसमें तीन दिनों में औसतन पाटन परिक्षेत्र की तमोरिया, हरदुआ एवं कटंगी बीट में 86 तथा शहपुरा परिक्षेत्र की बेलखेड़ा एवं गुबरा बीट में 6 गिद्ध पाए गए। जबकि पिछले वर्ष 2025 में पाटन एवं शहपुरा परिक्षेत्र में की गई तीन दिवसीय गिद्ध गणना में औसतन क्रमश: 59 तथा 7 गिद्ध पाए गए थे।