Jabalpur News: रांझी झंडा चौक में शराब तस्करों में विवाद, युवक को घेरकर मारी गोली
रांझी सुभाष नगर क्षेत्र में अवैध शराब बेचने और न बेचने के आरोप में 2 गुटों के बीच बीते 12 दिनों से आपसी तनातनी चल रही है।

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। रांझी सुभाष नगर क्षेत्र में अवैध शराब बेचने और न बेचने के आरोप में 2 गुटों के बीच बीते 12 दिनों से आपसी तनातनी चल रही है। बीती रात क्षेत्र के रहने वाले विक्की मल्लाह, करन और आकाश ने एकराय होकर मनीष बेन को जान से मारने की धमकी देते हुए पैर में गोली मार दी। देशी कट्टा से फायर करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए मेडिकल भेजते हुए घायल सहित परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस फरार आरोपियों की पतासाजी कर रही है। पुलिस की प्राथमिक पड़ताल में यह बात भी सामने आई है कि रांझी थाना में पूर्व से दर्ज एक हत्या के प्रयास के प्रकरण में घायल युवक के साथियों के नाम हैं।
रांझी पुलिस ने बताया कि झंडा चौक के पास विवाद के बाद मनीष बेन नामक युवक के पैर में गोली मारी गई है। घायल ने बताया कि विक्की मल्लाह और उसके साथी करन और आकाश ने घेरकर पैर में गोली मारी है। गोली पैर को चीरते हुए क्रास कर गई है। घायल को देर रात मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल मनीष के परिजनों ने पुलिस को बताया कि 4 दिन पहले भी आरोपियों ने झगड़ा करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। इधर मनीष के दोस्त सौरभ ठाकुर की मां ने बताया कि हमला करने वाले क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बेचने का कार्य करते हैं। कुछ दिन पहले पुलिस ने थाना बुलाते हुए कहा था कि क्षेत्र में सौरभ शराब बेच रहा है, तो मां ने सौरभ का बचाव करते हुए विक्की मल्लाह और उसके साथियों का नाम शराब तस्करी के लिए पुलिस को बताया था।
बताया जाता है कि 307 के एक अन्य प्रकरण में घायल मनीष बेन के साथी सौरभ ठाकुर और गौरव ठाकुर नामजद आरोपी हैं। पुलिस को संदेह कि उक्त मामले में दबाव बनाने के लिए गोली चली या चलाई गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच-पड़ताल कर रही है।