Jabalpur News: कांग्रेस ने रांझी में दिया धरना, क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर जताई चिंता
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। बुधवार को गोकलपुर - आधारताल एवं रांझी - खमरिया ब्लॉक कांग्रेस द्वारा रांझी संभाग के अंतर्गत आने वाले थाना क्षेत्रों में बढ़ते अपराधों को लेकर रांझी थाना के समीप धरना दिया गया। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि विगत कुछ समय से रांझी क्षेत्र में अपराध एवं अनैतिक गतिविधियों की व्यापक घटनाएं हो रही हैं। तथा अपराधी तत्त्वों पर पुलिस एवं कानून का कोई डर नहीं है।
गत दिवस ही गोकलपुर मेन रोड पर एकांश साहू की खुलेआम नृशंस हत्या कर दी गई। कुछ दिनों पूर्व आजाद नगर निवासी युवक की रांझी मेन रोड पर हत्या कर दी गयी थी। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि रांझी नगर अपराध नगर बन गया है। कतिपय नेताओं के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद है।
धरने के उपरांत कांग्रेस नेताओं ने एक ज्ञापन सीएसपी रांझी को सौंपा। जिसके माध्यम से आपसे मांग की गई कि एकांश साहू के हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाये एवं अपराध करने वाले.एवं अवैध नशे के करोबार में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ एक व्यापक अभियान पुलिस चलाये ताकि रांझी क्षेत्र में घटित होने वाले अपराध रूक सके। जिससे क्षेत्र की आम जनता में जो भय व्याप्त है वह खत्म हो सके।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा, पूर्व कैंटोनमेंट उपाध्यक्ष अभिषेक चौकसे चिंटू,,ब्लॉक अध्यक्ष आशुतोष वत्स ,पूर्व ब्लाक अध्यक्ष रविंद्र कुशवाहा, आदित्य मिश्रा, राजेश यादव, सुभाष पटेल ,जग्गू विश्वकर्मा, निर्मल चंद जैन,कमलेश सिंह संजू ठाकुर, कमलेश चौधरी, धर्मेंद्र पटेल, अनिल शर्मा, नारायण गुप्ता आदि उपस्थित थे।