Jabalpur News:स्टेट बार काउंसिल चुनाव में 65 फीसदी हुआ मतदान, 122 प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में हुई कैद
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल की नई कार्यकारिणी चुनने के लिए मंगलवार को प्रदेश भर में मतदान संपन्न हुआ। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस मतदान में वकीलों ने बड़े उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जबलपुर के दो केंद्रों सहित पूरे राज्य में बनाए गए 250 मतदान केंद्रों पर कुल 65 प्रतिशत वोट डाले गए।
इस चुनाव में कुल मतदाताओं की संख्या लगभग 87 हजार थी। चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा, जिसमें 98 पुरुष और 24 महिला उम्मीदवारों सहित कुल 122 प्रत्याशियों का भविष्य अब मतपेटियों में बंद है। इन मतपेटियों को सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच स्ट्रांग रूम में रखवा दिया गया है।
इस निर्वाचन के जरिए 23 सदस्यों को चुना जाएगा, जबकि 2 महिला सदस्यों का मनोनयन परिषद में किया जाना है। हाईकोर्ट और जिला अदालत परिसर में सुरक्षा के साथ-साथ गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी तैनात रहीं। निर्वाचन अधिकारी न्यायमूर्ति एसके पालो ने बताया कि वरिष्ठ और कनिष्ठ वकीलों ने सक्रियता दिखाई, जिससे मतदान का प्रतिशत अच्छा रहा।