Jabalpur News: कैंट में बहन से छेड़खानी करने से मना करने पर बदमाशों ने भाई को मारी चाकू, सिविल लाइन में मनोहर की स्टाॅल के बाहर चले चाकू
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। कैंट थाना क्षेत्र सदर में बहन से छेड़छाड़ कर रहे बदमाशों को रोकने पर चाकूबाजी का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि तीन युवकों द्वारा एक युवती के साथ सरेराह छेड़छाड़ की जा रही थी। जब युवती और उसकी बहन ने इस बदसलूकी का विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
अपनी बहनों को मुसीबत में देख जब भाई साहिल बीच-बचाव करने पहुंचा, तो बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने रोहित को बेरहमी से घसीटा और उसके पैर पर चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया। लहूलुहान साहिल कहार को इलाज के लिए जिला अस्पताल विक्टोरिया ले जाया गया है।
इसी तरह सिविल लाइन थाना अंतर्गत मनोहर टी स्टॉल के पास महज वाहन खड़ा करने की बात पर विवाद इतना बढ़ा कि तीन अज्ञात बदमाशों ने अक्षय नामक युवक पर चाकूओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अक्षय के साथियों, विकास और अन्य ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन हमलावर उसे लहूलुहान कर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घायल अक्षय को गंभीर हालत में शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। इन दोनों घटनाओं ने शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।