Jabalpur News: पैसों के विवाद में 26 वर्षीय युवक की सरेराह हत्या
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। मंगलवार की दोपहर शाही नाका क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बीच सड़क पर एक युवक पर पैसों के लेन-देन को लेकर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
संजीवनी नगर थाना प्रभारी बीडी द्विवेदी ने बताया कि शाहीनाका निवासी 26 आयुष साहू पिता नारायण साहू नामक युवक पर बदमाशों ने चाकूओं से हमला किया था। प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि पुराना लेनदेन को लेकर मांडवा बस्ती निवासी रोहन पटेल और गंगानगर निवासी आयुष श्रीपाल व एक अन्य से विवाद चल रहा था। मंगलवार को इसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शाही नाका इलाके में तीनों के बीच पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपियों ने अचानक चाकू निकालकर आयुष साहू पर हमला कर दिया। हमलावरों ने आयुष साहू पर कई वार किए, जिनमें जांघ पर लगा गहरा घाव जानलेवा साबित हुआ।
खबर से संबंधित वीडियो देखिए -
https://www.instagram.com/reel/DYPU58kRKUD/?igsh=MXJnZHQ2bWE1NXV1cg==
वारदात के दौरान मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को संभाला और तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण डॉक्टर उसे नहीं बचा सके। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही संजीवनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।