Jabalpur News: अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी और बिल्डर के घर बदमाशों ने फेंके बम,कार में की तोड़फोड़, सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। रविवार की देर रात न्यू शोभापुर इलाके में कुछ असामाजिक तत्वों ने एक बिल्डर और अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी के घर को निशाना बनाते हुए बमबाजी की और घर के बाहर खड़ी गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की। इस अचानक हुए हमले से पूरे इलाके के लोग दहशत में आ गए हैं। नशे का विरोध करने पर दिया वारदात को अंजाम पूरी घटना की शुरुआत शनिवार को हुई थी।
पीड़ित अक्षय सिंह जो पेशे से बिल्डर हैं, उनके घर के बाहर कुछ युवक बैठकर गांजा पी रहे थे। सार्वजनिक स्थान पर नशा करने से रोकने पर इन युवकों ने अक्षय सिंह के परिवार के साथ विवाद किया। उस समय तो आरोपी धमकी देते हुए वहां से चले गए, लेकिन उनके मन में रंजिश बैठ गई थी।
अक्षय सिंह के छोटे भाई आदित्य सिंह जबलपुर में अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं, इसके बावजूद बदमाशों ने बेखौफ होकर इस वारदात की योजना बनाई। बदमाशों ने रविवार की सुबह इलाके में रेकी की ताकि हमले के लिए सही समय चुना जा सके।
रात होते ही एक एक्सिस स्कूटी पर सवार होकर तीन नकाबपोश बदमाश न्यू शोभापुर पहुंचे। उन्होंने बिल्डर के घर पर एक के बाद एक 2 बम फेंके। धमाकों की आवाज से आसपास का क्षेत्र गूंज उठा। बम फेंकने के बाद बदमाशों ने अपना गुस्सा घर के बाहर खड़ी कारों पर निकाला।
खबर से संबंधित वीडियो देखिए -
https://www.instagram.com/reel/DYMuLOIRIKe/?igsh=ZjNieWk1Ymo0Ymx1
आरोपियों ने पत्थरों से गाड़ियों के कांच फोड़ दिए और नुकसान पहुंचाने के बाद तेजी से मौके से फरार हो गए। धमाकों और तोड़फोड़ की आवाज सुनकर जब तक मोहल्ले के लोग बाहर आए, आरोपी भाग चुके थे।
घटना की सूचना तुरंत रांझी थाना पुलिस को दी गई। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है। पुलिस को मौके से साक्ष्य मिले हैं और अब आरोपियों की पहचान के लिए घर के आसपास और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।