Jabalpur News: तीन दिन प्रण्चड गर्मी के लिए रहें तैयार, 15 से फिर मौसम बदलने के आसार
आर्य समय संवादददाता, जबलपुर। अगले तीन दिन प्रचण्ड वाली गर्मी के हो सकते हैं। इसके लिए तैयार रहें। 15 मई से मौसम में फिर बदलाव आएगा और आसमान फिर एक बार तेज हवा, बादल, बूंदाबांदी-बौछार की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विदों के अनुसार आज मंगलवार सहित बुध और गुरुवार को पारा अपने पूरे शबाब पर होगा।
स्थानीय मौसम वेधशाला से मिली जानकारी के अनुसार बीते 15 दिन दोपहर बाद हवा, बौछार, बूंदाबांदी के चलते भीषण गर्मी से राहत महसूस की जा रही थी। इस दौरान पारा अमूमन हर दिन 37-38 डिग्री के आसपास ही दर्ज किया गया। सोमवार से मौसम ने फिर करवट बदली है। कल दिनभर तेज गर्मी का तीखा अहसास हुआ।
तापमान मापी में पारा उछलकर 40.8 तक जा पहुंचा था। मौसम वेधशाला के प्रभारी अधिकारी देवेन्द्र कुमार तिवारी ने बताया कि, आज भी पारा 41 डिग्री के पार ही रहेगा। ऐसा इसलिए क्योंकि आज पूर्वाह्न 11.30 पारा 38.8 डिग्री तक ऊपर चढ़ चुका था। इससे दोपहर बाद तक पारे में तेजी जारी रहनी की आशंका है। तिवारी के अनुसार बुधवार और गुरुवार को भी पारा हाई रहेगा ऐसी संभावना है। 15 मई से मौसम में परिवर्तन आएगा।
गत वर्ष से अधिक गर्मी-- आज सुबह शहर का अधिकतम तापमान 25.2 डिसे और कल अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि गत वर्ष आज ही के दिन शहर का अधिकतम तापमान 38.3 और न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था।