Jabalpur News: शादी के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे प्रेमी जोड़े पर हमला, लड़की को साथ ले गए परिजन
कोर्ट मैरिज के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे प्रेमी जोड़े पर अचानक उस समय हमला हो गया जब वे जबलपुर कलेक्ट्रेट से बाहर निकल रहे थे।
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। कोर्ट मैरिज के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे प्रेमी जोड़े पर अचानक उस समय हमला हो गया जब वे जबलपुर कलेक्ट्रेट से बाहर निकल रहे थे। यह घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है। जिसको लेकर आज शुक्रवार को ओमती थाने पहुंचे लड़के और उनके परिजनों ने अपनी शिकायत दर्ज कराई। वहीं आरोप यह भी है कि हमलावर लड़की के परिजन थे जो कलेक्ट्रेट से लड़की को अपने साथ ले गए।
जानकारी के मुताबिक कलेक्टर कार्यालय में कक्ष क्रमांक 17 के सामने दो पक्ष आमने-सामने भिड़ गए। कलेक्ट्रेट के कक्ष क्रमांक 17 में विवाह के लिए अमन पटेल व नीलम पटेल ने 26 जुलाई को आवेदन दिया था। विवाह रजिस्ट्रेशन के लिए 29 अगस्त की तिथि निर्धारित की गई थी, जिसके चलते अमन और नीलम कोर्ट पहुंचे थे। लेकिन लड़की के परिजनों ने विवाह रजिस्ट्रेशन पर आपत्ति दर्ज कराई थी। जिसके कारण कोर्ट ने पांच दिन के बाद की डेट निर्धारित कर दी। इसके बाद जैसे ही लड़की और लड़का कोर्ट से बाहर निकले उन पर हमला हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग-अलग करके खदेड़ दिया। अब अमन पटेल का आरोप है कि हमलावर लड़की पक्ष के थे जिन्होंने ने चाकू से भी हमला किया था। वे पूरी योजना के साथ आए थे। पुलिस अब पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।