Jabalpur News:OFK ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में बनाया 2450 करोड़ का गोला-बारूद, समय पर पूरा किया उत्पादन लक्ष्य
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। आयुध निर्माणी खमरिया (OFK) ने वित्तीय वर्ष 2025–26 में निर्धारित 2417 करोड़ रुपए के उत्पादन लक्ष्य को पार करते हुए 2450 करोड़ रुपये से अधिक का उत्पादन कर ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त की है। इस उपलब्धि के पीछे संस्थान के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा सभी सहयोगी इकाइयों के सामूहिक प्रयास और समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
जनसंपर्क अधिकारी अविनाश शंकर ने बताया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उत्पादन कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करते हुए संस्थान ने 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित की है। इस उपलब्धि से संस्थान की कार्यक्षमता, तकनीकी दक्षता तथा टीम भावना का उत्कृष्ट उदाहरण सामने आया है।
इस अवसर पर संस्थान के मुख्य महाप्रबंधक शैलेश वगेरवाल ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सभी के कठिन परिश्रम, अनुशासन और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी आयुध निर्माणी खमरिया इसी उत्साह और समर्पण के साथ राष्ट्र की रक्षा आवश्यकताओं की पूर्ति में अपना महत्वपूर्ण योगदान देती रहेगी।
मुख्य महाप्रबंधक ने यह भी कहा कि उत्पादन लक्ष्य प्राप्त करने के साथ-साथ गुणवत्ता, सुरक्षा और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। संस्थान भविष्य में भी नवाचार, दक्षता और बेहतर कार्यप्रणाली के माध्यम से नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस उपलब्धि पर संस्थान के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों में उत्साह का वातावरण है तथा सभी ने इसे टीमवर्क और सामूहिक प्रयास की सफलता बताया।