Jabalpur News: हरियाणा की कंपनी ने सदर के इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान संचालक को ठगा

Jabalpur News: हरियाणा की कंपनी ने सदर के इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान संचालक को ठगा

आर्य समय संवाददाता जबलपुर। कैंट थाना अंतर्गत एक व्यापारी के साथ हुई ठगी के मामले में पुलिस ने हरियाणा के सोनीपत स्थित 'एवर होम एप्लाइंसेस' कंपनी के संचालक ऋषभ जौहर के खिलाफ जालसाजी का मुकदमा दर्ज किया है। उक्त ठग कंपनी और उसके संचालक के खिलाफ जबलपुर के ही ओमती थाने में पहले से एक और एफआईआर दर्ज है, जिसके बाद अब पुलिस ने दोनों मामलों को मिलाकर कंपनी के बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।

कैंट थाना पुलिस के मुताबिक राजीव गांधी नगर निवासी सौरभ की सदर क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान है। कुछ समय पहले उनकी मुलाकात विजय नगर निवासी रूपेन्द्र श्रीवास्तव नाम के व्यक्ति से हुई थी, जिसने खुद को एवर होम एप्लाइंसेस कंपनी का रीजनल मैनेजर बताया था। रूपेन्द्र ने सौरभ को अपनी बातों में फंसाकर कंपनी से जोड़ने का झांसा दिया और बकायदा कंपनी के आधिकारिक ईमेल आईडी से एक ऑफर लेटर भी भिजवाया।

इस ऑफर और झांसे में आकर व्यापारी सौरभ मुक्ता ने दुकान के लिए एलईडी टीवी मंगाने के इरादे से कंपनी के बैंक खाते में ₹2,90,000 की रकम जमा कर दी। लेकिन भुगतान होने के बाद कई दिन बीत जाने पर भी न तो कंपनी की तरफ से टीवी की कोई खेप पहुंची और न ही उनकी रकम वापस की गई।

जब पीड़ित व्यापारी ने पहले रीजनल मैनेजर रूपेन्द्र और फिर मुख्य संचालक ऋषभ जौहर से संपर्क साधने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके फोन कॉल उठाना पूरी तरह बंद कर दिए, जिसके बाद पीड़ित ने कैंट थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।

पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि इस शातिर कंपनी ने शहर के तुलाराम चौक पर इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाने वाले सराफा वार्ड निवासी रीतेश जैन को भी अपना शिकार बनाया था। रीतेश जैन ने शुरुआत में भरोसा कायम करने के लिए कंपनी को ₹47,000 भेजे थे, जिसके बदले कंपनी ने उन्हें 5 एलईडी टीवी की डिलीवरी दे दी। जब रीतेश का भरोसा बढ़ गया, तो उन्होंने 6 मई को कंपनी को ₹2,16,000 का एक और बड़ा भुगतान कर दिया, लेकिन यह रकम मिलते ही कंपनी संचालक ने माल भेजने के बजाय अपने फोन बंद कर लिए।