Jabalpur News: हड़ताल के बीच जूनियर डॉक्टर्स मिले मंत्री राजेंद्र शुक्ला से

Jabalpur News: हड़ताल के बीच जूनियर डॉक्टर्स मिले मंत्री राजेंद्र शुक्ला से

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। मध्यप्रदेश में जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA/जूडा) ने स्टाइपेंड में बढ़ोतरी न होने और 2021 के समझौते को लागू न करने के विरोध में हड़ताल पर चले गए हैं। 8,000 से अधिक रेजिडेंट डॉक्टर ओपीडी और इलेक्टिव सर्जरी का बहिष्कार कर रहे हैं, हालांकि आपातकालीन सेवाएं जारी हैं।

इधर,जबलपुर पहुंचे डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला से मिलने नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के जुनियर डॉक्टर्स का एक प्रतिनिधिमंडल मिलने पहुंचा। जिसके बाद इस बात के संकेत मिले हैं कि सरकार गतिरोध का हल खोजने पीएस स्तर पर बैठक करने जा रही है। पत्रकारों से चर्चा के दौरान डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला ने भी इस बात के संकेत दिए हैं।

गौरतलब है कि जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के नेतृत्व में रेजिडेंट डॉक्टर, सीनियर रेजिडेंट और इंटर्न पिछले 3 दिनों से शातिपूर्ण विरोध कर रहे थे। डॉक्टर काली पट्टी बांधकर प्रतीकात्मक प्रदर्शन कर रहे थे और सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग लगातार की जा रही थी।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के 7 जून 2021 के आदेश के अनुसार सीपीआई आधारित स्टाइपेंड संशोधन 1 अप्रैल 2025 से लागू होना था। इसके बावजूद अब तक न तो संशोधित स्टाइपेंड लागू किया और न ही अप्रैल 2025 से देय एरियर का भुगतान किया। डॉक्टर्स ने बताया कि इस संबंध में कई बार शासन और संबंधित विभागों को अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जा सका है, जिसके चलते आज हड़ताल पर जान पड़ा।