Jabalpur News: सिविल कांट्रेक्टर क्लीरेंस हत्याकांड का खुलासा, 2 गिरफ्तार 3 फरार
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। 23 अप्रैल की सुबह सिविल कांट्रेक्टर क्लीरेंस एटकिंस की हुई हत्या का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। हत्याकांड में शामिल पांच में से दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि मुख्य साजिशकर्ता सहित तीन अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं। यह पूरी वारदात रायपुर की 15 एकड़ बेशकीमती कृषि भूमि के विवाद को लेकर अंजाम दी गई थी।
उल्लेखनीय है कि 23 अप्रैल 2026 की सुबह लगभग 8:30 बजे, रांझी निवासी क्लीरेंस एटकिंस (39 वर्ष) अपने 5 साल के बेटे को स्कूल छोड़कर घर लौट रहे थे। तभी बड़ा पत्थर नरसिंह नगर स्थित अशोक मेडिकल के पास मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उनके सिर पर गोली मार दी। उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज में उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने धारा 103(1) BNS और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर गठित टीम ने जब तफ्तीश शुरू की, तो रायपुर की 15 एकड़ जमीन का विवाद सामने आया। जांच में पता चला कि इस जमीन को लेकर मृतक क्लीरेंस और बाबा नेल्सन के बीच पुराना विवाद चल रहा था। क्लीरेंस ने इस जमीन की रजिस्ट्री के खिलाफ न्यायालय में 'सिविल सूट' लगाया था, जिसे वापस लेने के लिए बाबा नेल्सन दबाव बना रहा था। बात न बनने पर बाबा नेल्सन के कहने पर उसके बेटे प्रिंस ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
योजना के अनुसार, 23 अप्रैल की सुबह चारों आरोपी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर बड़ा पत्थर पहुंचे। मोहित ठाकुर और अरुण रैकवार ने क्लीरेंस के घर से निकलने की रैकी की और सिग्नल दिया। इसके बाद प्रिंस और अर्पित ने पीछा करते हुए शिवशक्ति चौराहे के पास पिस्टल से क्लीरेंस के सिर में गोली मार दी और फरार हो गए।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना पर मोहित ठाकुर (20 वर्ष) निवासी केंट, जबलपुर को बरेला टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार किया, जबकि तेजबल उर्फ अरुण रैकवार (20 वर्ष) निवासी नरसिंहपुर को मढ़ोताल दीनदयाल चौक के पास से घेराबंदी कर दबोच गया। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की हार्ले डेविडसन और सीडी 100 मोटरसाइकिल सहित 2 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मुख्य आरोपी प्रिंस नेल्सन, अर्पित कुशवाहा और बाबा नेल्सन अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं।