Jabalpur Cantt News:बडे़ बकायादारों पर कैंट बोर्ड हुआ सख्त, टैक्स नहीं जमा करने वालों के भवन किए जा रहे हैं सील
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। कैंट बोर्ड टैक्स वसूली के मामले में अब सख्ती पर उतर आया है। मुख्य रूप से उन बकायदारों को टारगेट किया जा रहा है जो लंबे समय से संपत्ति कर जमा नहीं कर रहे हैं। कैंट बोर्ड के राजस्व विभाग ने पूर्व में उक्त बकायदारों को नोटिस भेजते हुए कुर्की की चेतावनी दी थी,लेकिन जब टैक्स नहीं जमा किया गया तो अब सीलिंग की कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
कैंट बोर्ड के राजस्व विभाग के अधिकारियों ने सबसे पहले सदर बाजार क्षेत्र के बडे़ बकायादारों की भवन सील करने शुरू किए हैं। इसी क्रम में गुरूवार की शाम कैंट बोर्ड के अमले ने सदर बाजार स्थित भवन संख्या 556 को सील कर दिया।
उक्त भवन सरजू प्रसाद के नाम पर जीएलआर में दर्ज है। भवन स्वामी पर करीब तीन लाख 40 हजार रूपए टैक्स बकाया था। जो जमा नहीं किए जाने की सूरत में सील कर दिया गया, हालाकि भवन सील होने के चंद घंटो के बाद ही भवन स्वामी ने 3,40,085 रूपए जमा कर दिए।
नहीं माने तो होगी कुर्की - राजस्व निरीक्षक आशीष वर्मा ने बताया कि कैंट बोर्ड द्वारा 19 जनवरी को एक सूचना जारी करते हुए सदर बाजार के 10 बडे़ बकायदारों को तत्काल टैक्स जमा करने के निर्देश दिए थे। वहीं ऐसा नहीं करने पर कुर्की की कार्यवाही की चेतावनी दी गई थी।
लंबा समय बीतने के बाद भी जब उक्त बकायदारों ने टैक्स जमा नहीं किया तो छावनी अधिनियम 2006 कि धारा 101 के तहत कार्यवाही करते हुए अब भवन सील करने की कार्यवाही शुरू की गई है। भवन सील होने के बाद भी अगर टैक्स जमा नहीं किया जाएगा तो संपत्ति की कुर्की की जाएगी।