Jabalpur News: सिहोरा में चल रहा था अवैध पैक्ड ड्रिंकिग वॉटर प्लांट, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मारा छापा
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। शनिवार की सुबह खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने सिहोरा सिविल कोर्ट के पीछे संचालित पैक्ड ड्रिंकिग वॉटर प्लांट में छापामार कार्रवाही करते हुए बड़ी मात्रा में पानी के पाउच जब्त किए हैं। बताया जा रहा है कि उक्त प्लांट के संचालन का वैद्यानिक लायसेंस नहीं लिया गया था। बिना लायसेंस के ही अवैध रूप से प्लांट से प्रतिदिन हजारों पानी के पाउच व बोतल बंद पानी को मार्केट में सप्लाई किया जा रहा था। विभाग ने फैक्ट्री के संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की है।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र दुबे को आज सुबह जानकारी मिली की सिविल कोर्ट के पास मयंक त्रिपाठी दो मंजिला मकान में पानी के पाउच की फैक्ट्री चला रहा है। जिसे दो माह पहले मौके पर गंदगी मिलने और भारतीय खाद्य संरक्षण मानक प्राधिकरण की गाइडलाइन पर खरा नहीं उतरने पर बंद कर दिया था, उसके बाद भी यह चोरी छिपे फैक्ट्री को खोलकर काम कर रहा था।
मौके पर जाकर टीम ने देखा तो ऊपर आरओ की मशीन लगी हुई थी, जबकि नीचे आंगन में पानी के पाउच पैक किए जा रहे थे, जहां पर गंदगी थी। खाद्य अधिकारी का कहना है कि खुले आसमान हाई रिस्क से पानी के पाउच तैयार करना और फिर उसे बाजार में बेचना गंभीर अपराध है।
खबर से संबंधित वीडियो देखिए -
https://www.instagram.com/reel/DYHHWwdR2sV/?igsh=OHpzeTN5eGphbGo3
यही वजह है कि पुलिस-प्रशासन के साथ मिलकर कार्रवाई की और मशीन को सील कर दिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी का कहना है कि जांच के दौरान यह पता चला कि आरोपी मयंक त्रिपाठी द्वारा रीवा के मां वैष्णो बिवरेजेस के नाम से pouch pack कर रहा था। दो माह पहले ही खाद्य विभाग ने रजिस्टेशन कैंसिल कर दिया था, जिसके बाद से अक्सर रात को या फिर छुट्टी वाले दिन फैक्ट्री खोलकर पानी के पाउच तैयार किए जाते थे। कार्रवाई के दौरान जिला खाद्य अधिकारी देवेंद्र दुबे के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, संजय गुप्ता भी मौजूद रहे।