Jabalpur News: शहर पहुंचे केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने ममता बैनर्जी पर लगाए आरोप, बोले; पश्चिम बंगाल में हिंसा और हत्याओं की घटनाएं चिंताजनक
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र और कानून व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है। राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाया जा रहा है। पश्चिम बंगाल में हाल के दिनों में जिस प्रकार हिंसा, हत्याएं और राजनीतिक टकराव की घटनाएं बढ़ी हैं, वह बेहद चिंताजनक हैं। ऐसी घटनाएं निंदा पूर्ण हैं और किसी भी हालत में हिंसा को स्वीकार नहीं किया जा सकता।
यह बातें शहर पहुंचे केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहीं। केंद्रीय मंत्री ओराम ने मीडिया से बातचीत के दौरान राज्य में हो रही हिंसा को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पश्चिम बंगाल सरकार और तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होने ममता बैनर्जी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में हिंसा की राजनीति कोई नई बात नहीं है।
आरोप लगाया कि राज्य में लंबे समय से राजनीतिक हिंसा को बढ़ावा दिया गया है और आज भी वही स्थिति बनी हुई है। ओराम ने कहा कि बीजेपी की चुनावी सफलता और बढ़ते जनाधार से तृणमूल कांग्रेस घबराई हुई है। इसी वजह से टीएमसी समर्थकों द्वारा हिंसा और डर का माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी कार्यकर्ताओं को निराशाजनक राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की जा रही है।
दाषियों को किसी कीमत पर नहीं बख्शेंगे- केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हालिया हत्याकांड और हिंसक घटनाओं की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक संरक्षण में हिंसा करने वालों का मनोबल बढ़ा है, जिसके कारण आम जनता में भय का माहौल बन रहा है।
हिंसा करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई-केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अभी तक पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार है और यह एक ट्रांजैक्शन पीरियड की स्थिति थी। राज्य में राजनीतिक बदलाव हो गया है और बीजेपी सत्ता में आ चुकी है। बीजेपी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के बाद सबसे पहली प्राथमिकता कानून व्यवस्था को मजबूत करना होगी। हिंसा करने वाले लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।