Jabalpur News: जिला अदालत आए रांझी के युवक की जेब में मिला चाकू, पुलिस ने हिरासत में लिया
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। जिला अदालत परिसर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पेशी पर आए एक बदमाश के पास से पुलिस ने बटनदार चाकू बरामद किया। जानकारी के अनुसार, रांझी निवासी प्रेम सोनकर किसी मामले में पेशी के लिए जिला अदालत पहुंचा था। इसी दौरान सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। तलाशी लेने पर आरोपी की कमर में छिपाकर रखा गया बटनदार चाकू बरामद हुआ।
बताया जा रहा है कि आरोपी सुरक्षा घेरे को चकमा देकर हथियार के साथ अदालत के भीतर प्रवेश करने की फिराक में था। घटना के बाद अदालत परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस अब इस बात की जांच में जुटी है कि आरोपी आखिर अदालत के भीतर हथियार क्यों ले जाना चाहता था और उसके पीछे क्या मंशा थी। पकड़े गए आरोपी प्रेम सोनकर को बटनदार चाकू सहित ओमती थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।