Jabalpur News: बेटे की रंजिश में गई पिता की जान, तिलवारा घाट हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा

Jabalpur News: बेटे की रंजिश में गई पिता की जान, तिलवारा घाट हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा

आर्य समय संवाददाता जबलपुर। तिलवारा घाट इलाके में हुई दस्सीलाल की हत्या का सच जानकर हर कोई हैरान है। दरअसल, खूनी खेल की यह पटकथा जेल की सलाखों के पीछे बंद शातिर बदमाश संजू सारंग ने लिखी थी। संजू का मृतक के बेटे मोनू के साथ पुराना विवाद था, जिसका बदला लेने के लिए उसने अपने गुर्गों शुभम पांडे, शरद बर्मन और एक नाबालिक को मैदान में उतारा था।

आरोपी पूरी तैयारी के साथ मोनू को खत्म करने आए थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। झगड़े के दौरान बीच-बचाव करने आए पिता दस्सीलाल आरोपियों के चाकू का शिकार हो गए और एक बेगुनाह पिता को अपने बेटे की दुश्मनी की कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। ​

पुलिस की तत्परता ने न सिर्फ इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाया, बल्कि इन बेखौफ बदमाशों के अन्य कारनामों का भी भंडाफोड़ किया। पकड़े गए आरोपियों ने उसी रात गढ़ा स्टेशन के पास एक राहगीर से मोबाइल छीनकर उस पर भी जानलेवा हमला किया था।

पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया है और उनके पास से कत्ल में इस्तेमाल किए गए दो चाकू, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लूटा हुआ मोबाइल बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस जेल में बंद मास्टरमाइंड और इन बदमाशों के बीच के कनेक्शन की कड़ियाँ जोड़ रही है, ताकि अपराध के इस संगठित जाल को जड़ से मिटाया जा सके।