Jabalpur News: शराब दुकानों के विरोध में तिलहरी में फिर महिलाएं उतरी सड़क पर, कई किलोमीटर लंबा लगा जाम
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। रविवार को कैंट विधानसभा अंतर्गत आने वाले तिलहरी में शराब दुकानों के विरोध में एक फिर महिलाएं सड़क पर उतर आई। आक्रोशित महिलाओं ने जबलपुर - मंडला मार्ग पर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। जिसके चलते कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। महिलाएं मुख्य रूप से रहवासी क्षेत्रों के मुख्य मार्केट में खोली जा रही शराब दुकानों के विरोध में हैं।
भाजपा नेता विभा उपाध्याय ने बताया कि तिलहरी मुख्य मार्ग पर पहले ही एक शराब दुकान है। जिसके चलते आवागमन प्रभावित रहता है।उसके बाद अब एंबी वाइन शॉप पुरानी बर्फ फैक्टरी के पास खोली जा रही है। जिसका असर यहां के रहवासियों पर पड़ेगा। खासतौर पर महिलाओं को इस शॉप के खुलने से परेशानी होगी। लिहाजा हम सभी रहवासी कालोनियों की महिलाएं इस शॉप का यहां खोले जाने का विरोध कर रहे हैं।