Jabalpur News: 5 अवैध कॉलोनी बनाने वालों को नोटिस, क्रय-विक्रय पर लगी रोक
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। शहर को सुंदर, व्यवस्थित और धोखाधड़ी मुक्त बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक बड़ा कदम उठाया है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने कॉलोनी सेल की समीक्षा बैठक में स्पष्ट किया कि शहर के भविष्य और नागरिकों की मेहनत की कमाई से खिलवाड़ करने वाले अवैध कॉलोनाइजरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभी प्रारंभिक चरण में 5 कालोनाइजरों को नोटिस जारी किया गया है। जबाव सही नहीं पाए जाने पर इन सबके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने नागरिकों से भी अनुरोध किया है कि ऐसे किसी भी अवैध कालोनियों में जमीन मकान क्रय विक्रय न करें।
निगमायुक्त ने बताया कि अक्सर देखा जाता है कि अवैध कॉलोनियों में बुनियादी सुविधाओं (सड़क, नाली, बिजली) के अभाव के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए निगमायुक्त ने त्रि-स्तरीय रणनीति तैयार की है।
अवैध निर्माण करने वालों के विरुद्ध तत्काल नोटिस और एफ.आई.आर. दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। अवैध रूप से विकसित की जा रही साइट्स पर चल रहे निर्माण कार्य को तुरंत हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
आम जन को धोखाधड़ी से बचाने के लिए जिला पंजीयक और संबंधित एस.डी.एम. को सूचित किया जाएगा, ताकि ऐसी कॉलोनियों में रजिस्ट्री और नामांतरण को रोका जा सके।इस बैठक का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शहर का विस्तार नियमों के दायरे में हो।
जब कॉलोनियाँ वैध होंगी, तो वहां रहने वाले नागरिकों को नगर निगम द्वारा दी जाने वाली सभी मूलभूत सुविधाएं सुलभता से मिल सकेंगी। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि शहर का हर नागरिक एक सुरक्षित और सुविधायुक्त परिवेश में रहे। अवैध कॉलोनियों पर प्रभावी रोक से शहर के नियोजित विकास को नई गति मिलेगी।
इन 5 कॉलोनाईजरों को हुआ नोटिस जारी- निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि ध्रुव भोला पिता संजय नेमा नरसिंह नगर संतोषी माता मंदिर के पास खमरिया रॉंझी रूपेश तिवारी पिता अनंत राम तिवारी द्वारा परसवाड़ा में अवैध कॉलोनी निर्माण, रामानुज तिवारी पिता शंकर गोस्वामी द्वारा जिलहरी में अवैध कॉलोनी निर्माण, विष्णु कुशवाहा पिता साजिद कुरैशी द्वारा अमखेरा में अवैध कॉलोनी निर्माण, विजय मोहन दुबे गढ़ा जबलपुर द्वारा गढ़ा में अवैध कॉलोनी निर्माण, एवं महेश चन्द्रौल/अरविन्द चन्द्रौल पिता डी पी चन्द्रौल, प्रकाश चंद पिता सूरज प्रसाद, प्रदीप कुमार पिता चौहान सिंह निवासी जेडीए स्कीम नं. 5 विजय नगर जबलपुर द्वारा ओरिया में अवैध कॉलोनी निर्माण करने पर नोटिस जारी किया गया है। बैठक में अपर आयुक्त अरविंद शाह, देवेन्द्र सिंह चौहान एवं प्रभारी कॉलोनी सेल सुनील दुबे आदि उपस्थित रहे।