Jabalpur News: माता गुजरी महिला काॅलेज में रंगों और उमंगों के संग 'गुलाल उत्सव' में खूब थिरकीं छात्राएं - टीचर्स

Jabalpur News: माता गुजरी महिला काॅलेज में रंगों और उमंगों के संग 'गुलाल उत्सव' में खूब थिरकीं छात्राएं - टीचर्स

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। माता गुजरी महिला महाविद्यालय में 28 फरवरी को अपार उत्साह, उमंग और पारंपरिक उल्लास के साथ 'गुलाल उत्त्सव का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. संगीता झाम, डायरेक्टर डॉ. सुनील कुमार पहवा तथा रजिस्ट्रार डॉ. सत्येन्द्र कुररिया के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। उत्सव के सफल संचालन में होली उत्सव प्रभारी डॉ. अंजु मिश्रा और राफेल परस्ते, प्रभात केवट ने किया एवं सदस्य स्वाति गुप्ता का और डॉ राकेश तिवारी का विशेष योगदान रहा। आयोजन समिति के समर्पित प्रयासों से कार्यक्रम अत्यंत सुव्यवस्थित एवं आनंदमय वातावरण में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम में 500 से अधिक छात्राओं ने बढ़-चढ़कर उत्साहपूर्वक सहभागिता ली। महाविद्यालय परिसर रंग-बिरंगे गुलाल से सराबोर हो उठा और चारों ओर खुशियों की बौछार सी दिखाई देने लगी। डीजे की धुनों पर छात्राओं ने अलग-अलग लोकप्रिय होली गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। जैसे ही 'होलीया में उड़े रे गुलाल" गीत गूंजा, परिसर झूम उठा। वहीं "रंग बरसे भीगे चुनर वाली" की मधुर धुन पर छात्राओं ने एकजुट होकर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। ढोल की थाप पर सभी ने जमकर ठुमके लगाए और उत्सव का भरपूर आनंद लिया।

संगीत, रंग और उमंग का ऐसा संगम देखने योग्य था। छात्राओं के चेहरे खुशी से दमक रहे थे और वातावरण में ऊर्जा, उल्लास एवं सौहार्द की भावना स्पष्ट रूप से झलक रही थी। पारंपरिक परिधानों में सजी छात्राओं ने उत्सव की शोभा को और भी बढ़ा दिया। इस अवसर पर डायरेक्टर और प्राचार्या ने अपने संदेश में कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में सहायक होते हैं तथा आपसी प्रेम, एकता और सामाजिक समरसता को सुदृढ करते हैं।

खबर से संबंधित वीडियो देखिए -

https://www.instagram.com/reel/DVS7YSCkZxK/?igsh=MW9oN3pkZTZuazEwMw==

'गुलाल उत्सव' ने न केवल रंगों की खुशियां बिखेरीं, बल्कि महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को भी सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम में समस्त प्राध्यापकों की उपस्थिति रही। अंत में सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे का संदेश दिया। इस प्रकार 'गुलाल उत्सव' उल्लास, एकता और सांस्कृतिक समन्वय का अ‌द्भुत उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अत्यंत सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।