Jabalpur News: तरंग ऑडिटोरियम में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, आशुतोष राणा समेत अन्य कलाकार सुरक्षित

Jabalpur News: तरंग ऑडिटोरियम में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, आशुतोष राणा समेत अन्य कलाकार सुरक्षित

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। शहर के तरंग ऑडिटोरियम में शनिवार शाम अफरा-तफरी मच गई। प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा के चर्चित ‘हमारे राम’ के मंचन के दौरान मुख्य विद्युत लाइन में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। तेज धमाके और चिंगारियों के साथ हुई तकनीकी खराबी के कारण पूरे प्रेक्षागृह की बिजली एकाएक बंद हो गई और सभागार कुछ समय के लिए अंधेरे में डूब गया।

उस समय ऑडिटोरियम दर्शकों से खचाखच भरा हुआ था तथा आशुतोष राणा मंच पर प्रस्तुति दे रहे थे। अचानक हुई घटना से दर्शकों में दहशत का माहौल बन गया, हालांकि समय रहते सभी कलाकारों और दर्शकों को सुरक्षित रखा गया। घटना के दौरान कुछ लोगों को आग लगने और बड़े हादसे की आशंका भी हुई।

जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट मुख्य विद्युत लाइन में हुआ, जिसके बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों और सुरक्षा अमले ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए फॉल्ट वाले हिस्से को मुख्य सप्लाई से अलग कर दिया। सभागार में मौजूद लोगों से शांत रहने की अपील की गई और निकास मार्गों पर विशेष निगरानी रखी गई।

त्वरित कार्रवाई के चलते आग फैलने जैसी कोई स्थिति नहीं बनी और कुछ ही देर में वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचा। 

गौरतलब है कि आशुतोष राणा 30 और 31 मई को जबलपुर में ‘हमारे राम’ नाटक के मंचन के लिए पहुंचे हैं। इस भव्य प्रस्तुति में उनके साथ लगभग 150 मंचीय कलाकार भी शामिल हैं। शनिवार को दोपहर का शो सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद शाम के शो के दौरान यह घटना हुई।

खबर से संबंधित वीडियो देखिए -

https://www.instagram.com/reel/DY-JXuXBtIz/?igsh=MW83djB4d2JlOHFudg==

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि बिजली विभाग के कर्मचारियों ने तत्परता नहीं दिखाई होती तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। घटना के बाद अधिकारियों ने विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की समीक्षा शुरू कर दी है तथा शॉर्ट सर्किट के कारणों की जांच कराई जा रही है।