Jabalpur News: बेटे की शादी का कार्ड बांटने निकले पिता की सड़क हादसे में मौत,खुशियां मातम में बदली
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। जिस घर में शहनाइयों की गूंज सुनाई देने वाली थी, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई। दरअसल,टेमर भीटा निवासी रवि पटेल के घर में इन दिनों बेटे की शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। पिता की आँखों में बेटे के सेहरा सजाने के सपने थे, और इसी खुशी के साथ वे अपने सगे-संबंधियों को निमंत्रण देने के लिए घर से निकले थे।
लेकिन गढ़ा स्टेशन के पास एक अनियंत्रित पिकअप वाहन ने उनकी खुशियों को ऐसी टक्कर मारी कि पूरा परिवार गहरे सदमे में डूब गया। हादसा इतना भीषण था कि रवि पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
इस खबर के टेमर भीटा पहुंचते ही गांव में सन्नाटा पसर गया। जिस घर से बारात निकलनी थी, वहाँ अब मातम का मंजर है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपी वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार के कहर और सड़क सुरक्षा पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।