Jabalpur News: कटनी में भाजपा मंडल अध्यक्ष की हत्या करने वालों को पुलिस ने कजरवारा में घेरा, मुठभेड़ में लगी गोली
आर्य समय संवाददाता जबलपुर। कटनी में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के मंडल अध्यक्ष नीलू उर्फ नीलेश रजक हत्याकांड मामले में पुलिस ने आरोपियों को बहोरीबंद थाना क्षेत्र के कजरवारा इलाके में घेराबंदी करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान आरोपियों के तहत से की गई फायरिंग के जबाब में पुलिस द्वारा भी चलाई गई गोलियों में वे बुरी तरह से घायल हो गए हैं।दोनों आरोपियों को इलाज के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच जबलपुर लाया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
उल्लेखनीय है कि नीलू उर्फ नीलेश रजक (भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के मंडल अध्यक्ष) की हत्या का कारण क्षेत्र में 'लव जिहाद' के एक मामले में उनका हस्तक्षेप करना बताया गया है। नीलेश रजक लव जिहाद के एक मामले में मुखर विरोधी थे और उन्होंने इस पर कड़ा रुख अपनाया था। इस मामले में दखल देने के कारण हत्या के आरोपियों प्रिंस जोसेफ और अकरम ने लगभग एक माह पूर्व नीलेश रजक को बीच सड़क पर गोली मारने की धमकी दी थी।
खबर से संबंधित वीडियो देखिए -
https://www.instagram.com/reel/DQYrhC3DGqU/?igsh=MTR5eng1bmx1aDcyaA==
संयुक्त टीम कर रही थी तलाश - हत्याकांड के बाद से ही कटनी और जबलपुर पुलिस की संयुक्त टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी बहोरीबंद थाना क्षेत्र के कजरवारा इलाके में छिपे हुए हैं। खुद को घिरा देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई इस मुठभेड़ (शॉर्ट एनकाउंटर) में दोनों आरोपियों को पैर में गोली लगी और वे घायल हो गए।आरोपियों प्रिंस जोसेफ और अकरम को मौके से दबोच लिया। गंभीर रूप से घायल दोनों आरोपियों को तत्काल इलाज के लिए कटनी से जबलपुर के एक अस्पताल लाया गया है, जहां वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं।