Jabalpur News: शराब दुकानों की ‘खिड़की’ आधी रात तक परोस रही मदिरा
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। शहर के अलग-अलग स्थानों की शराब दुकानों से निर्धारित समय के बाद भी मदिरा बेचे जाने की वीडियों वायरल हो रहे हैं। कहीं ठेकेदार द्वारा दीवार में नाली बना कर शराब की बोतले बेंची जा रही हैं, तो कहीं शटर काट कर उसमें बनाई गई चोर खिड़की से सुरा प्रेमियों की प्यास बुझाई जा रही है। बात बस इतनी नहीं है, असल में देर रात शराब दुकानों तक पहुंचने वाले ज्यादात्तर अपराधी होते हैं। जो शराब पीने के बाद सड़क पर आपराधिक वारदातों को अंजाम देते हैं।
ताजा मामला शहर के धनवंतरी नगर शराब दुकान का सामने आया है। यहां देर रात खिड़की से शराब बेचने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। आरोप है कि चौकी धनवंतरी नगर पुलिस और आबकारी विभाग शराब माफियाओं पर कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
इस मामले में स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब दुकान के आसपास असामाजिक गतिविधियां बढ़ गई हैं और लोगों को परेशानी हो रही है। इससे पहले भी जबलपुर में अवैध शराब बिक्री के कई मामले सामने आए हैं, जिसमें पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाए गए हैं।
आबकारी विभाग ने हाल ही में विजय नगर शराब दुकान पर छापा मारकर अवैध शराब जब्त की थी। इसके अलावा, जबलपुर में 100 करोड़ रुपये की ओवरबिलिंग का मामला भी सामने आया था, जिसमें 19 शराब दुकानों पर कार्रवाई की गई थी। इस मामले में पुलिस और आबकारी विभाग से जांच और कार्रवाई की मांग की जा रही है।