Jabalpur News: भोपाल की इनोवा ने देर रात जबलपुर में मचाया कोहराम, सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस ने स्टेशन के पास मिला वाहन
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। घमापुर क्षेत्रांतर्गत रेल पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने भोपाल आरटीओ में रजिस्टर्ड एक इनोवा कार ने देर रात ऐसा तांडव मचाया कि कुछ देर के लिए क्षेत्र के रहवासियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। तेज रफ्तार इनोवा कार द्वारा एक आटो व एक कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी कि आटो पलट गया और खड़ी कार करीब पांच फिट दूर जा पहुंची।
टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया जिसे स्थानीय लोगों द्वारा दी गई सूचना के आधार पर कार को रेलवे जीएम कार्यालय के सामने पकड़ लिया गया। स्थानीय लोगों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इनोवा कार क्रमांक एमपी 04 वाईजी 6259 में चार लड़के चलती हुई कार में शराब पी रहे थे।
उसी दौरान कार जब रेल पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने पहुंची तो कार चालक ने सबसे पहले सड़क किनारे खड़े आटो को जोरदार टक्कर मार दी। कार की टक्कर से आटो क्षतिग्रस्त होने के साथ ही पलट गया। इनोवा कार चालक ने फिर अचानक एक्सीलेटर तेज कर दिया।
जिससे कार अनियंत्रित होकर आटो के आगे खड़ी एक अन्य कार को पीछे से जोरदार टक्कर मारी दी और इनोवा कार चालक मौके से फरार हो गया। दो कारों में हुई टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि क्षेत्र के रहवासी घरों से बाहर निकल आए।
इस बीच किसी ने टक्कर मारने वाली कार की नंबर प्लेट की मोबाइल कैमरे से फोटो खींच ली और पुलिस को भेज दिया। बताया जाता है कि जल्द ही घटना करने वाली कार की लोकेशन पुलिस को रेलवे स्टेशन के पास मिली जहां सिविल लाइन पुलिस ने घेराबंदी कर कार सहित चालक को गिरफ्तार कर लिया। घटना सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो रहा है।