Jabalpur News: निसर्ग रिसॉर्ट हादसे में संचालक पूर्व तहसीलदार भेजे गए जेल, पुलिस को मैनेजर की तलाश
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेंगई सिरौरा ग्राम में स्थित निसर्ग रिसॉर्ट में हुए हादसे के बाद पुलिस ने बड़ी कानूनी कार्रवाई की है। वॉटर फॉल में करंट लगने से रांझी के बड़ा पत्थर सुभाष नगर निवासी 20 वर्षीय युवक साजन विश्वकर्मा की दर्दनाक मौत हो गई थी।
इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिसॉर्ट संचालक व पूर्व तहसीलदार विवेक त्रिपाठी और उनके कर्मचारी नीलेश कुर्मी को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। वहीं हादसे का तीसरा आरोपी रिसॉर्ट मैनेजर मनीष पटैल अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस जांच में रिसॉर्ट प्रबंधन की बेहद गंभीर और जानलेवा लापरवाही उजागर होने के बाद बुधवार की रात को आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और धारा 106(1) के तहत गैर इरादतन हत्या का आपराधिक मुकदमा दर्ज किया गया था। उल्लेखनीय है कि रांझी बड़ा पत्थर निवासी साजन विश्वकर्मा के साथ यह हादसा उस समय हुआ जब वह रिसॉर्ट के अंदर बने एक स्विमिंग पूल में नहाने के बाद दूसरे पूल की तरफ आगे बढ़ रहा था।
इसी दौरान स्लाइडर के पास लगे लोहे के एक पोल से उसका हाथ अचानक छू गया। उस लोहे के पोल में बेहद तेज करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट की चपेट में आते ही साजन को बिजली का जोरदार झटका लगा और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। करंट इतना भयानक था कि साजन की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद वहां मौजूद चश्मदीदों और मृतक के दोस्तों के बयानों के आधार पर पुलिस ने रिसॉर्ट प्रबंधन के खिलाफ यह सख्त कानूनी कदम उठाया है।